जनता को परेशान कर रही हैं मंडी बोर्ड की खस्ताहालत सड़कें
प्रदेश में कांग्रेस सरकार को सत्ता का ताज पहने हुए करीब तीन साल हो गए हैं परंतु चुनावों में जो भी वादे किए थे उसको पूरा करने की रफ्तार कछुए की तरह चल रही है।
सतीश शर्मा, काठगढ़ : प्रदेश में कांग्रेस सरकार को सत्ता का ताज पहने हुए करीब तीन साल हो गए हैं, परंतु चुनावों में जो भी वादे किए थे, उसको पूरा करने की रफ्तार कछुए की तरह चल रही है। वादे पूरे न होने से वोटर निराश हैं और पंचायतें ग्रांटें मांग रही हैं। जहां तक सड़कों का सवाल है काठगढ़ क्षेत्र में मंडी बोर्ड की सड़कें जनता के लिए परेशानी का सबब बनी हुई हैं। इन सड़कों पर रात के समय तो क्या दिन में भी चलना काफी कठिन हो रहा है। मार्केट काठगढ़ से निकलकर आसपास गांवों को जाने वाली करीब दस सड़कें जिनको बनाकर सरकार भूल गई है। काठगढ़ से जगतेवाल गांव को जाने वाली सड़क जो बारिश के बाद सरकार की पोल खोल रही है। इस पर पड़े गहरे गड्ढे पानी भरने से छप्पड़ की तरह नजर आ रहे हैं। मार्केट काठगढ़ से बागोवाल को जाने वाली लिक सड़क का भी बुरा हाल है। मार्केट काठगढ़ से मालेवाल कोहली को जाने वाली सड़क पर पड़े गहरे गड्ढे दुर्घटनाओं को दावत दे रहे हैं। इसी प्रकार गांव टुडेवाल, गोलूमाजरा आदि गांवों को जाने वाली सड़कें अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही हैं। सरकारी वादे खोखले : सतनाम
बसपा नेता सतनाम चाहल जिनका मार्केट काठगढ़ में टेलरिग का काम भी है, ने बताया कि सरकार के तीन साल पूरे हो चुके हैं। अभी तक विकास कार्य शुरू ही नहीं हो पा रहे हैं। सरकार ने जो भी वादे थे, सभी खोखले दिखाई दे रहे हैं। अंतिम वर्ष वह विकास का घोषित कर जनता को मूर्ख बनाएंगे। वादे जल्द पूरे करे सरकार : अवतार
नंबरदार अवतार सिंह बाजवा ने बताया कि काठगढ़ के आसपास सभी गांवों की सड़कें इसी प्रकार टूटी पड़ी हैं जोकि जनता के लिए मुश्किल पैदा कर रही हैं। सरकार को जनता के साथ किए वादे जल्द पूरे करने चाहिए। पहल के आधार पर बने सड़क : राजकुमार
मार्केट के प्रधान राजकुमार आनंद ने बताया कि मार्केट से निकलने वाली सड़क सभी गांवों की सड़कों को जोड़ती है। इस सड़क से रोजाना सैकड़ों कर्मचारी, विद्यार्थी व फैक्ट्री कर्मचारी आते-जाते हैं। इसको पहल के आधार पर बनाना चाहिए। फिरनियों की हालत भी दयनीय : जोगिंदर
पूर्व सरपंच जोगिदर पाल दत्त ने बताया कि काठगढ़ के आसपास गांव की फिरनियों की हालत भी चिताजनक है। सरकार को फिरनियों व टूटी सड़कों की तरफ ध्यान देने की जरूरत है। जल्द शुरू होगा कार्य : एसडीओ
मंडी बोर्ड के एसडीओ गौरव भट्टी ने बताया कि इन सड़कों का काम शीघ्र शुरू करवाया जा रहा है। काठगढ़ से बौहड़ी साहिब जाने वाली सड़क को चौड़ा किया जा रहा है। उसका टेंडर हो चुका है। जल्द ही काम शुरू करवाया जा रहा है।