जबरन काटी गेंहूं, पुलिस से की बदसलूकी, तीन काबू
नवांशहर थाना काठगढ़ के अंतर्गत गांव सारंगपुर में आधा दर्जन लोगों ने मजदूरों को साथ लेकर जबरन खेत में गेहूं का ली।
जेएनएन, नवांशहर : थाना काठगढ़ के अंतर्गत गांव सारंगपुर में आधा दर्जन लोगों ने मजदूरों को साथ लेकर जबरन खेत में गेहूं का ली। जब खेत मालिक व पुलिस मौके पर पहुंचे तो आरोपितों ने उनसे हाथापाई और बदसलूकी की। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ चोरी और सरकारी काम में बाधा डालने का मामला दर्ज कर लिया है। मौके से पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपित पिछले काफी समय से जमीन पर कब्जा करने की फिराक में है। उनके खिलाफ पहले भी मामला दर्ज हो चुका है। हरि सिंह ने बताया कि उसके घर से चार किलोमीटर दूर गांव सारंगपुर में उसकी कुल 111 कनाल 17 मरले जमीन है। यह जमीन उनके बेटे सतवंत के नाम पर है। जमीन की पावर ऑफ अटार्नी उनके नाम पर है।
पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे हरि सिंह
मिली जानकारी के मुताबिक मालेवाल निवासी हरि सिंह ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में कहा है कि दिन में करीब 12 बजे गांव हसन पुर निवासी राजकुमार ने फोन कर सूचित किया कि उनके खेत से गेहूं की फसल को कई मजदूरों के साथ गुरमुख सिंह, जतिदर सिंह और गुरदीप कौर काट रहे हैं। उन्होंने इसकी जानकारी थाना पुलिस काठगढ़ व डीएसपी बलाचौर दी। हरि सिंह व पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखते ही कुछ लोग वहां से भागने लगे। पुलिस ने मौके से गुरमुख सिंह, गुरदीप कौर और जतिदर सिंह को पकड़ लिया। इस दौरान खेतों में फसल काट रहे लोगों ने पुलिस के साथ बदसलूकी भी की।
280 सफेदे पहले भी काट लिए थे : हरि सिंह
हरि सिंह ने बताया कि इन लोगों ने पहले भी उनके खेतों में आकर जबरन 280 सफेदे के पौधे काट लिए थे। एक इंजन भी चोरी करके ले गए थे। इस संबंध में आरोपितों के खिलाफ पहले ही मामला दर्ज है। थाना काठगढ़ की पुलिस ने ताजा मामले में रोपड़ निवासी गुरमुख सिंह, जतिदर सिंह, गुरदीप कौर, रणवीर सिंह, ज्ञान सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।