विधायक समझ लें झूठे पर्चे दर्ज करना गुनाह, फंस सकते हैं खुद
नवांशहर पूर्व डिप्टी सीएम और शिअद प्रधान सुखबीर बादल ने वीरवार को नवांशहर के विधायक अंगद सिंह पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह ऐसा एमएलए है जो सारा ही रेत खा गया।
जागरण संवाददाता, नवांशहर : पूर्व डिप्टी सीएम और शिअद प्रधान सुखबीर बादल ने वीरवार को नवांशहर के विधायक अंगद सिंह पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह ऐसा एमएलए है जो सारा ही रेत खा गया। इसने बहुत सारे झूठे पर्चे करवाए हैं। इसलिए उसे पता होना चाहिए कि झूठे पर्चे करना भी गुनाह है और उस पर भी पर्चा दर्ज हो सकता है। पूर्व डिप्टी सीएम ने अफसरों को चेतावनी दी कि वे सचेत हो जाएं। दो साल निकल गए हैं और बाकी समय बहुत जल्दी खत्म हो जाएगा। उन्हें याद रखना चाहिए कि उनकी नौकरी भी जा सकती है। कैप्टन अमरिदर सिंह पर हमला बोलते हुए सुखबीर ने कहा कि दो साल से लग रहा है कि सूबे में मुख्यमंत्री है ही नहीं। इस मुख्यमंत्री ने देना क्या था। सारा कुछ ही छीन लिया। पंजाब सेक्रेटरिएट में मुलाजिमों ने पंजाब सरकार के दफ्तरों में ताला लगा कर आज बंद कर दिया था। मुख्यमंत्री किसी से नहीं मिलते हैं। वे पटियाला गया थे। वहां दो साल से कैप्टन लोगों से मिले ही नहीं, जहां के लोगों ने उन्हें जिता कर मुख्यमंत्री बनाया। उन्होंने लोगों को धन्यवाद भी नहीं किया। शिअद प्रधान ने कहा, जब कोई भी मुख्यमंत्री बनता है तब परमात्मा का शुकराना करने दरबार साहिब में जाता है, लेकिन ये चार महीने वहां गए ही नहीं। जब लोगों ने शोर डाला तब जाकर वहां केवल 15 मिनट के लिए गए और उसके बाद आज तक नहीं गए। जो इंसान गुरु नहीं हो सकता वह किसी और का क्या हो सकता है। इन्होंने गुटका साहिब को हाथ में लेकर तलवंडी साहिब की ओर हाथ करके झूठी सौगंध केवल वोट लेने के लिए ली थी।