जो बोले सो निहाल के जयघोष से गूंजा नवांशहर
श्री गुरु नानक देव जी के 549वें प्रकाशोत्सव पर शहर में भव्य नगर कीर्तन सजाया गया। इसमें बड़ी संख्या में संगत ने हिस्सा लिया।
जेएनएन, नवांशहर : श्री गुरु नानक देव जी के 549वें प्रकाशोत्सव पर शहर में भव्य नगर कीर्तन सजाया गया। इसमें बड़ी संख्या में संगत ने हिस्सा लिया। नगर कीर्तन के दौरान संगत द्वारा जो बोले सो निहाल के जयघोष लगाए गए। सुबह 11 बजे के करीब गुरुद्वारा सिंह सभा से शुरू हुआ नगर कीर्तन चंडीगढ़ चौक, बंगा रोड, आर्य समाज रोड, कोठी रोड, स्टेशन रोड, गीता भवन रोड व शहर के विभाग बाजारों से होते हुए शाम को पांच बजे के करीब गुरुद्वारा सिंह सभा में आकर संपन्न हुआ। नगर कीर्तन को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला। संगतों द्वारा नगर कीर्तन मार्ग पर जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए थे। इस दौरान संगत द्वारा लंगर के स्टाल भी लगाए गए थे। नगर कीर्तन की अगुवाई पांच प्यारे कर रहे थे। बैंड-बाजों की मधुर धुनों से माहौल भक्तिमय बना हुआ था। शहर के विभिन्न मोहल्लों की संगत, रागी जत्थों ने हिस्सा लिया। नगर कीर्तन के आकर्षण का केंद्र गुरु साहिब की पालकी है जिसके दर्शनों के लिए सड़कों के किनारे श्रद्धालु बड़ी संख्या में इकट्ठे हुए थे। प्रशासन और पुलिस ने नगर कीर्तन को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। नगर कीर्तन में युवा पारंपरिक खालसा की वेशभूषा में गतका करके अपने हुनर का परिचय दिया।