नाभा जेल ब्रेक: एएसआइ की ड्रेस पहन कैदियों को भगाने वाला सुलक्खण गिरफ्तार
नाभा जेल ब्रेक मामले को अंजाम देने वाले एक और आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे नवाशहर बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार किया गया।
जेएनएन, नवांशहर। नाभा जेल ब्रेक कांड में एएसआइ की वर्दी पहनकर जेल का गेट खुलवाने वाले सुलक्खण सिंह उर्फ सुलतान उर्फ बब्बर सुल्तान को नवांशहर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे शनिवार को बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी को पुलिस नाभा जेल ब्रेक कांड के आरोपियों में से सबसे बड़ी कड़ी मान रही है।
आरोपी अमृतसर के गांव मत्तेवाल के रहने वाले सुलक्खण सिंह की गिरफ्तारी के बारे में आइजी जालंधर जोन अर्पित शुक्ला ने बताया कि विक्की गोंडर जो नाभा जेल में बंद था उसे व उसके अन्य साथियों को जेल से भगाने में सुलक्खण ने अहम रोल अदा किया था। पुलिस की वर्दी पहने अन्य आरोपियों को कमांड कर रहे सुलक्खण सिंह ने ही गुरप्रीत नाम के आरोपी का जाली वारंट दिखाकर जेल का दरवाजा खुलवाया था।
जेल से गैंगस्टर हरजिंदर सिंह उर्फ विक्की गोंडर, हरमिंदर मिंटू, कशमीर सिंह निवासी गलवड्डी गांव, अमनदीप सिंह ढोटियां, कुलप्रीत उर्फ नीटा दयोल, और गुरप्रीत सिंह सेखों की भागने में मदद की थी। पुलिस द्वारा मामले में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मगर अभी भी विक्की गोंडर और कश्मीर सिंह फरार हैं।
यह भी पढ़ें: नाबालिग लड़की के घर में घुसा युवक, बंधक बनाकर किया दुष्कर्म