बंगा अनाज मंडी के लिए मिली 3.17 करोड़ की ग्रांट : तिवारी
सांसद मनीष तिवारी ने कहा है कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार प्रदेश के सर्वपक्षीय विकास हेतु वचनबद्ध है।
जेएनएन, बंगा : सांसद मनीष तिवारी ने कहा है कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार प्रदेश के सर्वपक्षीय विकास हेतु वचनबद्ध है। वह यहां अनाज मंडी में आयोजित एक समारोह को संबोधित कर रहे थे। सांसद ने बताया कि उन्हें पंजाब मंडी बोर्ड से अनाज मंडी के विकास के लिए जारी 3.17 करोड रुपये की विशेष ग्रांट मिल गई है। इस ग्रांट का इस्तेमाल मार्केट के सर्वपक्षीय विकास के लिए किया जाएगा और इससे व्यापारियों व किसानों को काम करने के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। सांसद ने कहा कि कांग्रेस सरकार का अभी आधा कार्यकाल ही हुआ है और उसके द्वारा किया विकास साफ तौर पर दिखाई दे रहा है। अकाली-भाजपा सरकार के 10 सालों के कुशासन के चलते राज्य के दिवालिया होने के बावजूद कैप्टन अमरिदर सिंह अर्थव्यवस्था को बेहतर तरीके से दोबारा पटरी पर ला रहे हैं। कांग्रेस सरकार ने उपलब्ध सभी संसाधनों का इस्तेमाल करके राज्य भर में किसानों का कर्ज माफ किया है। इसके अलावा, कानून व्यवस्था में सुधार हुआ है और नशे पर बड़े स्तर पर लगाम लगाई गई है। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में अभी अढ़ाई साल का वक्त बाकी है और पार्टी दोबारा से सत्ता में लौटेगी। कैप्टन अमरिदर सिंह सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों का असर दिखने लगा है और अगले दो सालों में हर तरफ तरक्की नजर आएगी। इस अवसर पर तिवारी के साथ सतवीर सिंह पल्ली झक्की, त्रलोचन सिंह सूंढ़, मोहन लाल, पवन दीवान, राजेंद्र ठेकेदार, डॉ. हरप्रीत कैंथ, रघुवीर बिल्ला, कमलजीत बंगा, मनमोहन सिंह, सुखजिदर सिंह नौरा, विजय गुप्ता, भूपेंद्र सिंह, बलदेव सिंह, ध्रवजीत सिंह भी मौजूद रहे।