कॉलेज में धूमधाम से मनाया विज्ञान दिवस
काठगढ़ रयात पालीटेक्नीक कॉलेज रैलमाजरा में नोबल पुरस्कार विजेता डॉ. सीवी रमन के विज्ञान में महत्वपूर्ण योगदान रमन प्रभाव की अहमियत को लेकर विज्ञान दिवस मनाया गया।
संवाद सहयोगी, काठगढ़ रयात पालीटेक्नीक कॉलेज रैलमाजरा में नोबल पुरस्कार विजेता डॉ. सीवी रमन के विज्ञान में महत्वपूर्ण योगदान रमन प्रभाव की अहमियत को लेकर विज्ञान दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में समूह स्टाफ सदस्यों तथा विद्यार्थियों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। साइंस फॉर द पीपुल्स तथा पीपुल्स फॉर द साइंस थीम पर समूह स्टाफ ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम का शुभारंभ कैंपस डायरेक्टर डॉ. सुरेश सेठ ने किया। उन्होंने इस दौरान कहा कि साइंस दिवस मनाते हुए विज्ञान की विभिन्न क्रियाओं को दर्शाना तथा इनमें शिरकत करने से विद्यार्थियों का संपूर्ण बौद्धिक विकास होता है। उनमें आत्म विश्वास भी बढ़ता है। उन्होंने कहा, हमारा एजुकेशन ग्रुप हमेशा ऐसी सहायक क्रियाओं के लिए एक अच्छा प्लेटफार्म प्रदान करता है, जिससे विद्यार्थियों को भरपूर तजुर्बा तथा ज्ञान मिलता है। उनका इससे मनोबल बढ़ता है। विद्यार्थियों की साइंस की रुचि के प्रति डिबेट, चार्ट, स्लोगन और मॉडल मेकिंग के अलावा निबंध लेख, क्विज मुकाबले तथा साइंस की खोजों को दर्शाते हुए विभिन्न मुकाबले करवाए गए। मुकाबलों में विजेता रहे बच्चों को इनाम तथा सर्टिफिकेट वितरित किए गए। प्रिंसिपल विशाल वालिया (इंजीनियर) ने कहा कि विज्ञान का हमारे जीवन में महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने धन्यवाद करते हुए कहा कि बच्चों के उत्साह को देखकर लगता है कि देश का भविष्य उज्ज्वल होगा और विज्ञान व उन्नति करेगा।