भूख हड़ताल पर सेहत कर्मी, सरकार को कोसा
स्वास्थ्य कर्मचारी संघर्ष कमेटी के आह्वान पर जिले के पांच स्वास्थ्य कर्मी सोमवार को सुबह नौ बजे से पांच बजे तक मांगों को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे और प्रदेश सरकार के खिलाफ रोष व्यक्त किया।
जागरण संवाददाता, नवांशहर : स्वास्थ्य कर्मचारी संघर्ष कमेटी के आह्वान पर जिले के पांच स्वास्थ्य कर्मी सोमवार को सुबह नौ बजे से पांच बजे तक मांगों को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे और प्रदेश सरकार के खिलाफ रोष व्यक्त किया। नेताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार को लगातार मांगपत्र भेजने के बावजूद उनकी मांगों को नहीं माना जा रहा है। संघर्ष कमेटी की ओर से स्वास्थ्य विभाग के डायरेक्टर, स्वास्थ्य मंत्री पंजाब और मुख्यमंत्री को एसएमओ व सिविल सर्जनों के द्वारा मांगपत्र भेजे गए थे। स्वास्थ्य कर्मचारी संघर्ष कमेटी की ओर से यह फैसला किया गया है कि प्रदेश सरकार की लोक विरोधी नीतियों का विरोध किया जाएगा। संघर्ष कमेटी की ओर से एनएचएम, 2211 और ठेका आधारित कर्मचारियों को पक्का करना, 1263 नवनियुक्त कर्मचारियों का प्रोवेशन पीरियड दो साल करना और सभी मल्टीपर्पज कैडर को कोरोना के दौरान किए कार्यों के बदले स्पेशल इंक्रीमेंट देना उनकी मुख्य मांगों में शामिल है। रोजाना पांच कर्मचारी भूख हड़ताल पर बैठेंगे और सात अगस्त को मोती महल पटियाला का घेराव किया जाएगा।