फायर कर्मियों की अग्नि परीक्षा की रात आज
दीवाली की रात को जिले को आग से बचाने के लिए फायर बिग्रेड मुस्तैद रहेगी। इसके लिए पूरी तैयारियां कर ली गई हैं। फायर बिग्रेड पर 4 प्रमुख शहरों के अलावा 471 गांवों को आग से बचाने की जिम्मेदारी है। दीवाली दीयों व पटाखों का त्योहार है। जिले में करोड़ों रुपये के पटाखे चलाए जाते हैं। इससे जगह-जगह आग लगने की घटनाएं होती है।
ऋषि चंदर, नवांशहर : दीवाली की रात को जिले को आग से बचाने के लिए फायर बिग्रेड मुस्तैद रहेगी। इसके लिए पूरी तैयारियां कर ली गई हैं। फायर बिग्रेड पर 4 प्रमुख शहरों के अलावा 471 गांवों को आग से बचाने की जिम्मेदारी है। दीवाली दीयों व पटाखों का त्योहार है। जिले में करोड़ों रुपये के पटाखे चलाए जाते हैं। इससे जगह-जगह आग लगने की घटनाएं होती है। इन पर काबू पाने व लोगों को बचाने की जिम्मेदारी फायर बिग्रेड की होती है। हर दीवाली को फायर बिग्रेड लोगों को खुशियों भरी दीवाली के लिए मुस्तैद रहती है। लोगों की खुशियों भरी दीवाली की रात फायर कर्मियों की अग्नि परीक्षा होगी। फायर अफसर ने बताया कि आग लगने पर तुंरत फायर बिग्रेड को सूचित करें, जिससे समय पर पहुंच कर आग पर काबू पाया जा सके। आग लगने संबंधी जानकारी 01823-226801 पर दे सकते हैं।
3 फायर टेंडर व 12 कर्मचारी करेंगे लोगों की सुरक्षा
फायर अफसर अजय गोयल कहते हैं कि सर्विस में आने के बाद कर्मचारी कभी घरों में दीवाली नहीं मनाते। उन्हें यह भी नहीं मालूम है कि उनके यहां परिजन कैसे दीवाली मना रहे हैं। जिले में जहां से भी कहीं सूचना आती है वहां फायर टेंडर को तुरंत भेज दिया जाता है। मौजूदा समय में फायर बिग्रेड के पास तीन फायर टेंडर व 12 कर्मचारी हैं। दीवाली की रात आग से बचाव के लिए हेड क्वार्टर में 2 फायर टेंडर उपलब्ध रहेंगे। एक फायर टेंडर बंगा में भेजा गया। राहों व बलाचौर में प्राइवेट इंडस्ट्रीज के पास फायर टेंडर हैं। बलाचौर सब डिवीजन में डीसीएम, सन फार्मा के फायर टेंडर हैं, जिनसे सहयोग लिया जाता है।
खुले स्थानों पर चलाएं पटाखे : गोयल
फायर अधिकारी अजय गोयल कहते हैं कि फायर बिग्रेड किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है, लेकिन आग पहले छोटी ¨चगारी से शुरू होती है। लोग थोड़ा सावधान रहे तो आग पर काबू पाया जा सकता है। पटाखे चलाते समय बच्चों के साथ बड़े जरूर मौजूद रहें। घर मे पटाखे न चलाए जाएं। पटाखे जहां भी जलाएं वहां किसी प्रकार का ज्वलनशील पदार्थ नहीं होना चाहिए।