कृषि सुधार कानूनों के विरोध में किसानों ने सुपरस्टोर घेरा
विभिन्न संगठनों के नेतृत्व में किसानों ने चंडीगढ़ मार्ग पर स्थित एक स्मार्ट सुपरस्टोर का घेराव किया।
जागरण संवाददाता, नवांशहर : विभिन्न संगठनों के नेतृत्व में किसानों ने चंडीगढ़ मार्ग पर स्थित एक स्मार्ट सुपरस्टोर का घेराव किया। शुक्रवार को कीरती किसान यूनियन के प्रदेश वित्तीय सचिव हरमेश सिंह ढेसी, जिला प्रधान सुरिदर सिंह बैंस, भूपिदर सिंह वड़ैच, तरसेम सिंह बैंस, मक्खन सिंह भानमजारा, करनैल सिंह और स्त्री जागृति मंच के प्रदेश प्रधान गुरबख्श कौर संघा, बलवीर जाडला, सोहन सिंह सलेमपुरी, जोगिदर कुल्लेवाल व कुलदीप सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार घमंड से भरी हुई है, इस कारण वो किसानों से बातचीत करने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने किसानी विरोधी कृषि कानून बनाकर और संघर्षशील किसानों से बातचीत न करके साबित कर दिया है कि भाजपा की सरकार किसान व मजदूरों की विरोधी सरकार है। नेताओं ने कहा कि किसानों द्वारा भाजपा के घमंड को तोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक कृषि सुधार कानूनों को वापस नहीं लिया जाता तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। नेताओं ने कहा कि 17 अक्तूबर को प्रसिद्ध नाटककार डा.साहिब सिंह की नाटक टीम नाटक पेश करेगी। इसके बाद चंडीगढ़ चौक पर केंद्र सरकार का पुतला फूंका जाएगा।