दहेज के लिए परेशान करने पर केस
थाना सिटी नवांशहर पुलिस ने दहेज के लिए परेशान व मारपीट करने पर विवाहिता के पति पर मामला दर्ज किया है।
जेएनएन, नवांशहर : थाना सिटी नवांशहर पुलिस ने दहेज के लिए परेशान व मारपीट करने पर विवाहिता के पति पर मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में गांव सलोह निवासी तृप्ता ने बताया कि दो वर्ष पहले उसकी शादी गांव दयाला निवासी सुखविदर सिंह से हुई थी। उसका एक दस महीने का लड़का भी है। शादी दौरान उसके माता-पिता ने अपनी हैसियत मुताबिक दहेज और बरात की सेवा की थी। उसने बताया कि उसके परिवार की तरफ से दिया गया दहेज उसके ससुराल वालों को पसंद नहीं आ रहा है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसका पति अपने माता पिता के कहने पर उसे कम दहेज लाने के लिए परेशान करता रहता है। वह छोटी-छोटी बात पर गुस्से होकर उससे मारपीट करता है। दस अक्टूबर 2019 को उसके पति ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया था। इसलिए वह बच्चा लेकर अपने मायके परिवार में रह रही है। उसने बताया कि उसके ससुराल वाले नहीं चाहते कि वह अपने पति के साथ अपने घर में रहे। इसलिए शिकायतकर्ता ने पुलिस से मांग की है कि उसे तंग परेशान करने व घर से निकालने का मामला दर्ज कर इंसाफ दिलाया जाए।
तीन बार पहले भी की थी शिकायत
शिकायतकर्ता ने बताया कि उसका पति नशा करता है। वह नशा करने के बाद उससे मारपीट करता है। जिसके संबंध में तीन बार पहले भी शिकायत की गई थी। यह शिकायत वुमन सैल और थाना पोजेवाल में की गई थी। इसलिए की गई शिकायत का फैसला वूमेन सैल और थाना पोजेवाल में किया गया था। लेकिन उसका पति नशा नहीं छोड़ रहा और फैसले के बाद भी उससे मारपीट करता रहता था।