बढ़ गई सिलेंडर की मांग, सैनिटाइज कर हो रही सप्लाई
कर्फ्यू के बाद लोगों के डर व घर में रहने के कारण बढ़ रही खपत ने डिमांड को बढ़ा दिया है।
जासं, नवांशहर : कर्फ्यू के बाद पंजाब में लोग घरों में कैद हैं। औद्योगिक और व्यवसायिक इकाइयां बंद हैं, स्टूडेंट घरों पर हैं। ऐसे में पंजाब में बिजली की डिमांड में कमी आई है लेकिन रसोई का काम बढ़ गया है। कोई वर्क फ्रॉम होम के साथ-साथ कुकिग कर रहा है तो गृहणियां भी नए नए व्यंजन बनाने में जुटी हैं। जहां पहले प्रत्येक एजेंसी करीब 400 सिलेंडर की सप्लाई देती थी वहीं पर अब यह मांग बढ़ कर 550 के पार पहुंच गई है। कर्फ्यू के बाद लोगों के डर व घर में रहने के कारण बढ़ रही खपत ने डिमांड को बढ़ा दिया है। सिलेंडर जिले में गैस सिलेंडर लोगों को सैनिटाइज करके दिए जा रहे हैं। इंडियन आयल कार्पोरेशन के सेल्ज मैनेजर आकाश ने बताया कि जिले के सभी गैस एजेंसियों की ओर से लोगों को सैनिटाइज करके ही गैस सिलेंडर दिए जा रहे हैं। इसलिए किसी को भी डरने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर को दो बार सैनिटाइज किया जाता है। खाली सिलेंडर को भी किया जाता है सैनिटाइज
नवांशहर के बाली गैस एजैंसी के धीरज बाली ने बताया कि गैस को दो बार सैनिटाइज करके ही लोगों के घरों को पहुंचाया जाता है। उन्होंने बताया कि पहली स्टेज पर जब गैस सप्लाई आती है तो सभी गैस सिलेंडर को सैनिटाइज किया जाता है। इसके बाद जब डिलीवरी देने वाले व्यक्ति घर गैस की डिलीवरी देने जाता है तो उस समय भी सिलेंडर को सैनिटाइज किया जाता है। पूरे सिलेंडर पर दवाई का छिड़काव करके ही लोगों को सिलेंडर दिया जाता है। सावधानी रखें लोग
फूड सप्लाई इंस्पेक्टर जितेंदर सिंह ने बताया कि भले ही गेस सिलेंडर को सैनिटाइज करके ही लोगों को दिया जा रहा है। पर लोगों को भी खुद सावधानियों का प्रयोग करना चाहिए। लोगों को मुंह पर मास्क या कपड़ा व हाथों में दस्ताने पहन कर सिलेंडर को लेना चाहिए व डिलीवरी करने वाले व्यक्ति से कम से कम एक मीटर का फासला रखना चाहिए। जिला में 14 गैस एजेंसियां
जिले में 14 गैस एजेंसियां चल रही हैं। इनमें से इंडेन की छह, हिदोस्तान पेट्रोलियम की सात और भारत पेट्रोलियम की एक एजेंसी है। जिले में कुल एक लाख 56 हजार 625 उपभोक्ता हैं। तीनों ऑयल कंपनियों की गैस एजेंसियां रोज औसतन 2770 सिलेंडर सप्लाई करती हैं।