चंडीगढ़ रोड पर तीन जगह सीवरेज मेनहोल के ढक्कन, एक माह से नहीं प्रशासन ने नहीं ली सुध
एक माह से चंडीगढ़ रोड पर तीन जगह सीवरेज के मेनहोल के ढक्कन टूटे हुए हैं।
संवाद सूत्र, नवांशहर : एक माह से चंडीगढ़ रोड पर तीन जगह सीवरेज के मेनहोल के ढक्कन टूटे हुए हैं। इसके आसपास बेरिकेड्स लगाकर लोगों को सचेत कर दिया गया है लेकिन प्रशासन ने इसे ठीक करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया है। शहर का मुख्य मार्ग होने के कारण चंडीगढ़ का सारा ट्रैफिक गुजरता है ऐसे में समस्या की वजह से बड़ा हादसा भी हो सकता है जिसे प्रशासन नजरअंदाज कर रहा है। अस्थायी समाधान रात के समय में काम नहीं आता। अंधेरा होने के कारण महीने में लगभग सात हादसे हो चुके हैं जिनकी वजह से लोगों को चोटें भी आई हैं।
आसपास के दुकानदारों व नर्सरी वालों ने बताया कि ढक्कन टूटने के बावजूद की दिनों तक सुध नहीं ली गई। उन्होंने लोगों को खतरे से बचाने के लिए आसपास गमले लगा दिए थे जिसके बाद पुलिस के बेरिकेड्स लगा दिए गए हैं जबकि प्रशासन ने इन्हें ठीक करवाना उचित नहीं समनझा। इन मेन होल के ढक्कनों के खुले होने से बड़ी दुर्घटना की आशंका कई गुणा बढ़ गई है।
कौंसिल प्रधान ललित मोहन पाठक का कहना है कि मुख्य मार्ग व अन्य स्थानों पर ढक्कन रखे जा रहे हैं। उक्त स्थानों के लिए भी ढक्कन बनाने के आदेश दिए हैं। कुछ ढक्कन बनकर आ चुके हैं और बाकी कुछ दिनों में आ जाएं। इस समस्या का समाधान जल्द किया जाएगा।