ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक पर जा रहे बस कंडक्टर की मौत
गांव बस्ती तोगा सिंह के निकट अज्ञात ट्रक्टर-ट्रॉली चालक ने मोटरसाइकिल सवार युवक को टक्कर मार दी।
संवाद सूत्र, फिरोजपुर : गांव बस्ती तोगा सिंह के निकट अज्ञात ट्रक्टर-ट्रॉली चालक ने मोटरसाइकिल सवार युवक को टक्कर मार दी। सिर की चोट लगने से युवक की मौत हो गई। मृतक का सिविल अस्पताल फिरोजपुर में पोस्टमार्टम करवाया गया, जिसके बाद पुलिस ने शव परिवार वालों को सौंप दिया। फरीदकोट के गांव गुज्जर के रहने वाले स्वर्ण सिंह ने पुलिस को शिकायत दी कि उसका भांजा जसविद्र सिंह जुझार कंपनी की बस में कंडक्टर था। 27 जनवरी को जसविंद्र ड्यूटी से मोटरसाइकिल पर गांव लौट रहा था। वह भी भांजे को मिलने के लिए उसके घर आया हुआ था। बहू ने भांजे को फोन किया, एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन उठाया और कहा कि एक व्यक्ति का एक्सीडेंट हो गया है। वह राहगीर है और यह हादसा बस्ती तोगा सिंह के निकट हुआ है। पारिवारिक सदस्यों के साथ मामा वहां पहुंचा तो जसविद्र सिंह जख्मी पड़ा था। सिर पर काफी चोटें आई थी और पांव भी टूटा हुआ था। उसे सिविल अस्पताल फिरोजपुर के लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। स्वर्ण सिंह ने बताया कि पड़ताल के दौरान पता चला कि लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसके भांजे के मोटरसाइकिल को टक्कर मारी है। थाना आरिफके पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ पर्चा दर्ज कर लिया है।