भाजयुमो ने सांसद रवनीत बिट्टू का पुतला फूंका
पंजाब भाजपा युवा मोर्चा के सदस्यों ने बुधवार को लुधियाना के कांग्रेस सांसद रवनीत सिंह बिट्टू का शहर के चंडीगढ़ चौक में पुतला फूंक रोष प्रदर्शन किया
जागरण संवाददाता, नवांशहर :
पंजाब भाजपा युवा मोर्चा के सदस्यों ने बुधवार को लुधियाना के कांग्रेस सांसद रवनीत सिंह बिट्टू का शहर के चंडीगढ़ चौक में पुतला फूंक रोष प्रदर्शन किया।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा के दिशा निर्देश पर भाजयुमो अध्यक्ष भानु प्रताप राणा के नेतृत्व में जगह-जगह यह प्रदर्शन किए गए। किसान आंदोलन को लेकर कांग्रेसी सांसद रवनीत सिंह बिट्टू के एक जनवरी लाशों के ढेर लगा देने वाले बयान के खिलाफ प्रदेश भाजपा में आक्रोश है।
जिला शहीद भगत सिंह नगर के भाजपा युवा मोर्चा के प्रधान अजय कटारिया की अध्यक्षता में नवांशहर में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर पंजाब की कांग्रेस सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर भड़ास निकली। इस दौरान अश्वनी बल्लगन ने कहा कि किसान आंदोलन की आड़ मे गलत बयानबाजी करने वाले रवनीत बिट्टू के बयान ने यह साबित कर दिया है कि पंजाब कांग्रस के सांसदों एवं विधायकों ने गंदी राजनीति कर किसानों को भड़काने और उकसाने का काम किया है, क्योंकि कत्लेआम, अराजकता फैलाना बिट्टू जैसे नेताओ को विरासत में मिला है। इस अवसर पर जिला भाजपा प्रधान पूनम माणिक ने कहा कि पंजाब में विकास नहीं अराजकता फैला कर दंगे करवाना कांग्रेस का पुराना एवं असल एजेंडा है। क्योंकि मौजूदा पंजाब कांग्रेस सरकार के नेता अपनी जनता में गिर चुकी साख की सच्चाई जान चुके हैं, जिसको छुपाने के मकसद से कांग्रसी नेता गैर-जिम्मेदाराना भड़काऊ बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे नेताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
जिला भाजपा युवा मोर्चा प्रधान अजय कटारिया ने सबको बताया अपने चुनावी वादे पूरे करने में फेल कांग्रसी किसानों की आड़ में अपनी राजनीतिक नैया पार करवाना चाहते हैं, जिसमें वह अब कामयाब नहीं हो सकते हैं।
डीसी को ज्ञापन सौंपने के दौरान भाजपा की जिला प्रधान डा. पूनम माणिक ने कहा कि बिट्टू का बयान पंजाब की शांति को भंग करने की साजिश को दर्शाता है। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारी वरिदर कौर थादी, करण लडोईया, अश्वनी बल्लगन, लक्की, शर्मा, राजीव शर्मा, सुरिद्र बगानिया, अनिल, विशाल शर्मा, विक्रम शर्मा, दिनेश भारद्वाज, अनिल सहगल, बहादुर चंद अरोड़ा, दिनेश जैन, रंजन जैन, विजय भाटिया, राजा बख्शी, अजय कटारिया, हर्ष ऐरी, कमल, डा. रवीश दत्ता सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।