अनुसूचित जाति पर हो रहे अत्याचारों को लेकर भाजपा एससी मोर्चा आज घेरेगा मख्यमंत्री आवास
पंजाब में अनुसूचित जाति के साथ हो रहे अन्याय व घोटालों का भाजपा के एससी मोर्चा ने कड़ा नोटिस लिया है।
जागरण संवाददाता, नवांशहर : पंजाब में अनुसूचित जाति के साथ हो रहे अन्याय व घोटालों का भाजपा के एससी मोर्चा ने कड़ा नोटिस लिया है। इसके खिलाफ 22 अक्तूबर को एससी मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष राज कुमार अटवाल एवं नवांशहर जिले के अनुसूचित मोर्चे के प्रधान सुरिदर बगानिया की अगुआई में दलित इंसाफ यात्रा जालंधर से निकालने जा रहा है, जो चंडीगढ़ में जाकर मुख्यमंत्री पंजाब कैप्टन अमरिदर सिंह की सरकारी कोठी का घेराव कर उनको चेतावनी देगी कि अनुसूचित जाति पर हो रहे अत्याचार बंद हों।
सुरिदर बगानिया ने बताया की पंजाब में अनुसूचित जाति छात्रों के हितों पर डाका डालता पोस्टमैट्रिक स्कालरशिप घोटाला, उसके बाद जलालाबाद में अनुसूचित जाति व्यक्ति को मारपीट कर प्रताड़ित करने के इरादे से पेशाब पिलाने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर कैप्टन सरकार की चुप्पी को लेकर पंजाब भाजपा एससी मोर्चा में आक्रोश पाया जा रहा है। इस संबंध में भाजपा एससी मोर्चा के तत्वाधान में एक मीटिग का आयोजन जिला प्रधान पूनम माणिक के निवास स्थान पर किया गया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष पूनम माणिक ने कहा कि अतीत में जब भाजपा नेता विजय सांपला उत्पीड़न के शिकार लोगों से मिलने गए थे, तो उन्हें जबरन रोका गया और उसी समय भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा पंजाब के एक प्रतिनिधिमंडल ने गांव शेर झूमर विधानसभा का दौरा किया। कुछ दिन पहले पठानकोट, हल्का भोआ जिले में एक अनुसूचित जाति परिवार की एक लड़की के साथ सामूहिक बलात्कार किया गया था, जिस को लेकर उन्होंने सख्त और कानूनी कार्रवाई की भी मांग की, लेकिन पंजाब सरकार द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसलिए, एससी मोर्चा 22 अक्टूबर को चंडीगढ़ के लिए दलित इंसाफ यात्रा के एक बड़े काफिले को लेकर जालंधर से रवाना होगा और पंजाब सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेगा। पंजाब भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के सदस्य दौलत राम ने कहा कि पहले जहरीली शराब पीने से 130 लोगों की मौत हो गई थी, लेकिन पंजाब सरकार ने कांग्रेस प्रायोजित शराब माफिया को जांच के नाम पर क्लीन चिट दे दी थी। इस अवसर पर भाजपा जिला जनरल सेक्रेटरी करण लड़ोइया, नवांशहर मंडल प्रधान लक्की शर्मा, जिला सचिव जीवन कुमार, बलविदर लक्की, अनिल कुमार बालू एवं अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।