दशहरा पर रावण जलेगा, पर मेला नहीं लगेगा
नवांशहर दशहरा पर्व पर इस बारे जिले के विभिन्न स्थानों पर रावण का दहन तो किया जाएगा पर दशहरा का मेला नहीं लग पाएगा।
जागरण संवाददाता,नवांशहर: दशहरा पर्व पर इस बारे जिले के विभिन्न स्थानों पर रावण का दहन तो किया जाएगा, पर दशहरा का मेला नहीं लग पाएगा। पहले जहां दशहरा के त्योहार से तीन दिन पहले तक दशहरा मैदानों के आगे खिलौने बेचने वाले व अन्य सामान बेचने वालों का तांता लगा जाता था, वहीं अब दुकानदार दशहरा मैदानों से गायब हैं। दशहरा कमेटियों ने पहले ही यह निर्णय ले लिया था कि रावण तो जलेगा, पर मेला नहीं लगेगा, क्योंकि प्रशासन ने कोरोना के कारण लोगों को एकत्रित होने की आज्ञा नही दी है। इस बार रावण भी पिछले सालों की तुलना में कम उंचाई के ही बनाए गए हैं। दशहरा कमेटी के प्रधान डा. हरमेश पुरी ने बताया कि कोरोना को देखते हुए इस बार दशहरा का त्योहार बड़े स्तर पर नही मनाया जाएगा, पर रस्म पूरी करने के लिए करीब पांच फीट के रावण, कुंभकरण व मेघनाद के पुतलों को फूंका जाएगा। पहले पुतलों की उंचाई 55 फीट तक होती थी। शहर की 12 सदस्यीय कमेटी दशहरा पर रावण का दहन करेगी। जिले के अन्य स्थानों पर भी दशहरा उत्सव कमेटियों की ओर से रावण व रावण परिवार का दहन किया जाएगा।