बार एसोसिएशन के पूर्व प्रधान व एनआरआइ एडवोकेट ने लाइसेंसी पिस्टल से खुद को मारी गोली, मौत
राहों-नवांशहर रोड पर स्थित रिजेंसी पार्क कॉलोनी में एनआरआइ (अमेरिका निवासी) एडवोकेट यशपाल सिंह दियोल (67) ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली।
संवाद सहयोगी, राहों : राहों-नवांशहर रोड पर स्थित रिजेंसी पार्क कॉलोनी में एनआरआइ (अमेरिका निवासी) एडवोकेट यशपाल सिंह दियोल (67) ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। कोठी में काम करने वाले धर्मवीर उर्फ जस्सी (23) ने पुलिस को बताया कि एडवोकेट यशपाल सिंह दियोल घर में अकेले ही रहते थे। वीरवार को यशपाल सिंह दियोल अपनी कोठी में अकेले थे और वह किसी काम से घर से बाहर गया हुआ था। दोपहर तीन बजे उनका फोन आया। उन्होंने कहा कि साढ़े तीन बजे घर पर आ जाना, किसी मेहमान ने घर पर आना है। वह साढ़े तीन बजे घर पहुंचा तो वह कमरे में थे। उसने बाहर से की बार आवाज लगाई। जबाव न मिलने पर दरवाजा खोला तो मालिक बेड पर लेटे हुए थे और खून से लथपथ थे। उसने थाना राहों में इसकी सूचना दी। एसएचओ गौरव धीर ने मौके पर पुलिस पार्टी सहित पहुंच गए। एसएचओ गौरव धीर ने बताया कि जब वह घटनास्थल पर पहुंचे तो एडवोकेट यशपाल सिंह दियोल जोर-जोर से सांस ले रहे थे। उनके बाएं हाथ में पिस्टल थी और बाएं गले पर गोली का निशान था। उन्होंने घायल एडवोकेट दियोल को सिविल अस्पताल भिजवाया लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। शव को नवांशहर सिविल अस्पताल में रखवाया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
अमेरिका में सेटल है पूरा परिवार
एडवोकेट यशपाल सिंह दियोल का सारा परिवार अमेरिका में सेटल है। उनकी पत्नी, एक बेटा, एक बेटी व दामाद अमेरिका में रहते हैं। एडवोकेट दियोल भी अमेरिकन सिटीजन हैं लेकिन वह अकसर अपने परिवार से कहते थे कि उनका अमेरिका में दिल नहीं लगता, उन्हें भारत में ही रहना है। आठ महीने पहले ही वह अमेरिका से भारत लौट आए थे और घर में एक नौकर को रखकर अकेले ही रहते थे।
दो बार लगातार बार एसोसिएशन के प्रधान भी रहे
एडवोकेट यशपाल सिंह दियोल जिला वार एसोसिएशन के दो बार लगातार प्रधान भी रह चुके हैं। उनका व्यवहार सबके साथ इतना मिलनसार था कि वह सबके चहेते थे। वार एसोसिएशन की ओर से भी एडवोकेट यशपाल सिंह दियोल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया है।