कोरोना को लेकर सख्ती : दो दिन में छह लोगों पर दर्ज किए गए केस
पुलिस की ओर से कोरोना प्रोटोकाल का पालन न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
जागरण संवाददाता, नवांशहर : पुलिस की ओर से कोरोना प्रोटोकाल का पालन न करने वालों के खिलाफ सख्ती करनी शुरू कर दी गई है। पिछले दिनों ही छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किए गए। पुलिस की ओर से जिले के विभिन्न थानों में कोरोना प्रोटोकाल की उल्लंघन करने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किए गए हैं।
इनमें से दो केस में मास्क न पहनने व दो लोगों के होम आइसोलेट होने के बाद भी खुलेआम बाजारों में घूमने के आरोप में केस दर्ज किया गया है।
थाना बलाचौर पुलिस ने होम आइसोलेट होने के बाद भी आइसोलेशन में न रहने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया है। एएसआइ जरनैल सिंह ने बताया कि गांव उधनोवाल के रहने वाले नरिदर कुमार की रिपोर्ट दो मार्च को पाजिटिव आई थी। रिपोर्ट पाजिटिव आने के कारण उसे होम आइसोलेट किया गया था, पर नरिदर कुमार बाजार में घूम रहा था। पुलिस ने आरोपित नरिदर कुमार के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरु कर दी है। मास्क नहीं पहनने पर दर्ज किया केस
मास्क न पहनने के आरोप में केस दर्ज
थाना सिटी बलाचौर पुलिस ने मास्क न पहनने व थूकने के आरोप में दो व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। एएसआइ अमरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस की ओर से क्षेत्र में गश्त की जा रही थी। गश्त के दौरान उन्होंने देखा कि करतारपुर का रहने वाला मनजिदर सिंह व गुरविदर सिंह तेजी के साथ कार को चला रहे थे। जब उन लोगों को रोका गया तो उन्होंने मास्क नहीं पहन रखा था और कार से बाहर निकल कर सड़क पर थूक रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कारवाई शुरू कर दी है। होम आइसोलेट व्यक्ति घूम रहा था बाजार में
थाना सिटी बंगा पुलिस ने सिविल अस्पताल बंगा के डाक्टर संदीप कुमार के बयानों के आधार पर होम आइसोलेशन की उल्लंघना करने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में संदीप कुमार ने कहा कि बंगा के एमसी मोहल्ले के रहने वाले सुरेश कुमार की कोरोना रिपोर्ट पाजिटिव आई थी। पर रिपोर्ट पाजिटिव आने के बाद उसे होम आईसोलेशन में रखा गया था पर उसने होम आईसोलेशन के नियमों की उल्लंघना की है। पुलिस ने आरोपित सुरेश कुमार के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कारवाई शुरू कर दी है। अब होगी सख्ती : डा. शेना
डिप्टी कमिश्नर डा.शेना अग्रवाल ने कहा कि लोगों को कोरोना प्रोटोकाल का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि लापरवाही के कारण सबसे ज्यादा केस नवांशहर में आ रहे हैं। इस पर रोक लगाने के लिए सख्ती जरूरी है। उन्होंने कहा कि उन्होंने व्यापार मंडल को निर्देश दिए हैं कि वो दुकानों पर आने वाले लोगों से कोरोना प्रोटोकाल पालन करवाना यकीनी बनाएं व दुकानदार खुद भी कोरोना प्रोटोकाल की पालना करें।
इस संबंध में बात करते हुए डीएसपी नवांशहर सुरिदर पाल सिंह ने बताया कि पुलिस प्रशासन की ओर से हर रोज सोशल डिस्टेंसिग का पालन करने के लिए हर रोज जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील है कि वे खुद ही एहतियात बरतें और भीड़भाड़ के इलाके में न जाएं। अपने आप को एक दूसरे से दूरी बनाकर रखें और मास्क पहनने। सरकारी गाइडलाइन का पालन नहीं करने का पुलिस प्रशासन की ओर से सख्त कार्रवाई की जाएगी और चालान किए जाएंगे। कोरोना के संबंध में प्रशासन की ओर से जो भी गाइडलाइन जारी की जाए उसका पालन करें।