'गोद' संस्था ने शहर के गरीबों को लिया गोद
कोरोना पाजिटिव एक मरीज आने के बाद लोगों में डर बढ़ गया है।
सरबजीत सिंह, श्री मुक्तसर साहिब :
कोरोना पाजिटिव एक मरीज आने के बाद लोगों में डर बढ़ गया है। इसके साथ ही समाजसेवी संस्थाएं भी आगे आकर लोगों की सेवा में जुटी हुई है। समाजसेवी संस्था 'गोद' भी गरीबों को गोद लेकर काम कर रही है। यह संस्था जहां गरीबों को घर घर तक दूध पहुंचा रही है। वहीं मास्क, सैनिटाइजर भी बांटा जा रहा है। इसके साथ ही जो व्यक्ति जिस दवा की मांग करता है उसे वह दवाई भी घर पर ही मुहैया करवाई जाती है।
रोजाना पहुंचाया जाता है 650 परिवारों को दूध
मुख्य सेवादार मोहकम संधू ने बताया कि उनकी संस्था में सभी सेवादार के तौर पर काम करते हैं। शहर के 31 वार्ड में उनकी ओर से सेवादार लगाए गए हैं। सुबह ही दूध पहुंच जाता है। घर-घर जाकर जरूरतमंद लोगों को दूध, सैनिटाइजर, मास्क और दवाइयां मुहैया करवाते हैं। मोहकम संधू ने बताया कि रोज 650 परिवारों को दूध मुफ्त मुहैया करवाया जाता है। इसके अलावा जो पंचायत या अन्य लोग दूध पैसे देकर खरीद करते हैं, उन्हें वह दस फीसद अपनी ओर से देते हैं। जैसे कोई एक हजार रुपये का दूध लेता है तो वह उसे 1100 रुपये का दूध देते हैं।
अब देंगे विटामिन सी की गोलियां
संधू ने बताया कि अब एक लाख विटामिन सी की गोलियां खरीद की गई हैं। गरीब लोगों को घर-घर पहुंचाई जाएंगी। इससे उनकी इम्यूनिटी पावर मजबूत होगी। वह लोग भी इस बीमारी से लड़ सकें, क्योंकि उन्हें इस संबंध में अधिक जानकारी नहीं है। यह गोलियां व एक या दो दिन में ही पहुंचानी शुरू कर देंगे। उन्होंने यह भी बताया कि यदि किसी को कोई जरूरी दवाई चाहिए हो जो बाजार से न मिले तो वह उनसे संपर्क भी कर सकता है वह उसे दवाई मुफ्त में घर पर ही मुहैया करवा देंगे। उन्होंने बताया कि उनकी सेवा लगातार जारी रहेगी। इस कार्य में उनका परमजीत सिंह बिल्लू सिद्धू भी कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रहे हैं। इस कारण उन्हें गरीबों की सेवा करने का अवसर मिला है।