सड़क हादसे में मारे गए मजदूरों के परिजनों को पांच-पांच लाख दे सरकार
शुक्रवार को सड़क दुर्घटना का शिकार हुए तीन मजदूरों की मौत के बाद शनिवार को गल्ला मंडी मजदूर यूनियन ने प्रदर्शन किया।
संवाद सहयोगी, श्री मुक्तसर साहिब
शुक्रवार को सड़क दुर्घटना का शिकार हुए तीन मजदूरों की मौत के बाद शनिवार को गल्ला मंडी मजदूर यूनियन ने मृतकों को इंसाफ दिलाने के लिए अनाज मंडी में हड़ताल कर दी। हड़ताल के दौरान मजदूरों ने पहले दो मिनट का मौन रखकर मृतकों को श्रद्धाजलि दी।
मजदूर यूनियन के प्रधान सोनू कांबली, सुरेश कुमार, पवन इंदौरा, राजेश कुमार, राज कुमार खन्ना, सुभाष, ज्ञानी खरेरा, मोनू नागर, राजू अली, पूर्ण चंद, संगरिया, बुधराम आदि ने कहा कि सड़क दुर्घटना के शिकार हुए मजदूरों की आर्थिक हालत बहुत ही खराब है। वह लोग मेहनत मजदूरी कर ही अपने परिवारों का पालन पोषण करते थे। दुर्घटना के बाद इनके परिवारों की आर्थिक हालत और भी खराब हो जाएगी। उनके परिवारों में कमाने वाला सदस्य कोई नहीं है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इनकी आर्थिक स्थिति को देखते हुए इन परिवारों को मुआवजे के तौर पर पांच-पांच लाख रुपये दिए जाएं। मजदूरो की हड़ताल के कारण तीन घंटे तक सुबह मंडी बंद रही और इस कारण खरीद प्रबंध भी प्रभावित हुए। लेकिन मृतकों को अंतिम संस्कार के बाद हड़ताल समाप्त कर दी गई। जिसके बाद जाकर खरीद शुरु हुई।