मुक्तसर अनाज मंडी कूड़े में लगी आग, लोगों का सांस लेना हुआ मुश्किल
मुक्तसर की पुरानी अनाज मंडी में कूड़े के ढेर में आग लगने से पूरे क्षेत्र में धुआं फैल गया, जिससे ...और पढ़ें
-1772445936528_m.webp)
डंप में कूड़े में लगी आग, सांस लेना हुआ मुश्किल।
HighLights
पुरानी अनाज मंडी के कूड़े के ढेर में आग लगी
पूरे क्षेत्र में धुआं फैलने से सांस लेने में दिक्कत हुई
स्थानीय लोगों ने सफाई कर्मचारियों पर आग लगाने का आरोप लगाया
जागरण संवाददाता, श्री मुक्तसर साहिब। मुक्तसर की पुरानी अनाज मंडी में बने कूड़े के डंप में कई दिनों से कूड़ा नहीं उठाया जा रहा था जिसको लेकर क्षेत्र के लोगों में रोष देखने को मिल रहा था और अधिकारियों को मांग पत्र भी सौंपा गया था। इसके बावजूद कूड़ा नहीं उठा। अब शनिवार की शाम लगभग चार बजे किसी शरारती तत्व ने कूड़े में आग लगा दी। धीरे-धीरे बढ़ती आग भड़क उठी और पूरे क्षेत्र में कूड़ा धुंआ फैल गया।
इससे क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानी हुई। सांस लेने तक में दिक्कत का सामना करना पड़ा। उधर, सूचना मिलने पर शाम करीब सात बजे दमकल विभाग की गाड़ी पहुंची जिसने आग पर काबू पाया। परंतु धुंआ पूरी रात निकलता रहा और रविवार की सुबह भी आग कूड़े से सुलगती रही। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सफाई कर्मचारियों ने कूड़ा न उठाना पड़े इसलिए आग लगाई है। इससे क्षेत्र में प्रदूषण बढ़ गया और लोगों को परेशानी हुई।
उल्लेखनीय है कि शहर से डोर टू डोर कूड़ा उठा कर सफाई कर्मचारी पुरानी अनाज मंडी में बने कूड़े के डंप में फेंक रहे हैं। यहां कूड़ा ऊपर तक भर चुका है और रोड तक बिखर रहा है। इससे काफी दुर्गंध आ रही है जिससे क्षेत्र के लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। यहां सेवा केंद्र डंप के बिल्कुल बगल में है। वहीं मंदिर भी साथ लगता है। कूड़े के कारण दुकानदारों का काम चौपट होकर रह गया। वहीं मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की भावना भी आहत हो रही थी।
जिसके चलते क्षेत्र के लोगों ने इकट्ठे होकर ईओ नगर कौंसिल को मांग पत्र देकर कूड़ा जल्द उठाने की मांग की थी। परंतु कोई हल नहीं निकला और कई दिनों से डंप में कूड़ा घरों से लाकर फेंका तो जा रहा है लेकिन डंप के ऊपर तक भर जाने के बाद भी कूड़ा यहां से उठा कर इसको खाली नहीं किया जा रहा है। जिसके चलते क्षेत्र के लोगों में लगातार रोष बढ़ रहा था और नगर कौंसिल अधिकारियों पर इसका दबाव भी बढ़ रहा था।
लेकिन शनिवार की शाम को अचानक कूड़े डंप से धुआं निकलना शुरू हुआ और देखते ही देखते आग भड़क उठी और पूरे क्षेत्र में धुआं फैल गया और लोगों का सांस लेना मुश्किल हो गया। आग काफी फैलने पर शाम सात बजे दमकल विभाग की गाड़ी पहुंची और आग पर काबू पाया। इसके बाद गाड़ी वहां से चली गई। लेकिन कूड़े से धुआं निकलता रहा और रविवार की सुबह भी आग सुलग रही थी।
क्षेत्र के कुछ लोगों का कहना है कि आग सफाई कर्मचारियों ने लगाई होगी क्योंकि कूड़ा बहुत बड़ी मात्रा में इकट्ठा हो गया था। इसको न उठाना पड़े इसलिए आग के हवाले कर दिया। ऐसा करके लोगों को और ज्यादा मुश्किल में डाला गया है। क्षेत्र के लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि ऐसी हरकत करने वाले लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जानी चाहिए।
स्वच्छता सर्वेक्षण जारी, ऐसे कैसे होगा सुधार
स्वच्छता सर्वेक्षण चल रहा है। मुक्तसर की नगर कौंसिल शहर को स्वच्छ रखने में नाकामयाब दिखाई दे रही है। पिछले साल भी 150वें स्थान पर आए थे। अगर यही हालात रहे तो शहर प्रदूषित हो ही रहा है। रैंकिंग में सबसे प्रदूषित शहरों में आ जाएंगे। जिस तरह काम चल रहा है। इसे देखकर लग ही नहीं रहा कि अधिकारी स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर गंभीर हैं।
