गोवर्धन महाराज को लगे छप्पन भोग
श्री कल्याण कमल आश्रम हरिद्वार के अनंत श्री विभूषित 100
संवाद सूत्र, श्री मुक्तसर साहिब
श्री कल्याण कमल आश्रम हरिद्वार के अनंत श्री विभूषित 1008 महामंडलेश्वर स्वामी कमलानंद गिरि जी की अध्यक्षता में श्री राम भवन में वीरवार को गोवर्धन पूजा का आयोजन हुआ। इस दौरान गोवर्धन महाराज को छप्पन भोग लगाए गए। श्रद्धालु गोवर्धन महाराज के भजनों पर झूम उठे। मंदिर प्रांगण गोवर्धन महाराज के जयकारों से गूंज उठा।
प्रवचनों की अमृतवर्षा के दौरान स्वामी कमलानंद जी ने गोवर्धन महाराज की महिमा पर प्रकाश डाला। स्वामी ने कहा कि दीपावली के दूसरे दिन कार्तिक मास की शुक्ल प्रतिपदा को होने वाला प्रकृति का पूजन यानि की गोवर्धन पूजन अन्नकूट महोत्सव के रुप में मनाया जाता है। भगवान कृष्ण ने आज के ही दिन गोवर्धन पर्वत को अपनी अंगुली पर उठाकर बृजवासियों को इंद्र देव के प्रकोप से बचाया था और इंद्र का अहंकार चूर किया था। स्वामी जी ने श्रद्धालुओं को श्री गोवर्धन महाराज तेरे माथे मुकुट बिराज रहो. भजन सुनाकर भाव-विभोर कर दिया। गिरिराज महाराज को भजन'रुचि-रुचि भोग लगाओ.. पर छप्पन भोग लगाए गए। उसके उपरांत श्रद्धालुओं को छप्पन भोग बांटा गया।
अन्नकूट भंडारे का हुआ आयोजन
गोवर्धन पूजा महोत्सव के तहत मंदिर में दोपहर बारह बजे अन्नकूट भंडारे का आयोजन हुआ। जिसमें श्रद्धालु अपने घरों से तरह-तरह के पकवान (अन्नकूट) बनाकर लाए थे। स्वामी कमलानंद जी महाराज ने अन्नकूट भंडारे का शुभारंभ करवाया। उसके उपरांत भंडारे में प्रसाद वितरित किया गया।