मिलजुल कर प्रेम एवं भाईचारे के साथ रहने का संदेश दिया
ीएवी एडवर्ड गंज सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल द्वारा विद्यालय की प्राचार्या संध्या बठला के मार्गदर्शन में वेद प्रचार सप्ताह का समापन समारोह मनाया गया।
संवाद सूत्र, मलोट (श्री मुक्तसर साहिब) : डीएवी एडवर्ड गंज सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल द्वारा विद्यालय की प्राचार्या संध्या बठला के मार्गदर्शन में वेद प्रचार सप्ताह का समापन समारोह मनाया गया। इस अवसर पर भजन संध्या का कार्यक्रम रखा गया। इसकी अध्यक्षता विद्यालय के चेयरमैन रवि छाबड़ा द्वारा की गई। कार्यक्रम का प्रारंभ वैदिक गायत्री मंत्र उच्चारण एवं दीप प्रज्वलन के साथ प्रारंभ हुआ। विद्यालय की प्राचार्या ने आए हुए सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि वेद परमात्मा की वाणी है। वेदों में आपस में मिलजुल कर प्रेम एवं भाईचारे के साथ रहने का संदेश दिया गया है इसलिए हमें सभी बुराइयों को छोड़कर अच्छाइयों को अपनाना चाहिए। भजन संध्या कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों एवं शहर के विभिन्न भजन गायकों द्वारा भजन प्रस्तुत किए गए। जिन्हें सुनकर श्रोताओं का मन मंत्रमुग्ध हो गए। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा वीर हकीकत राय एवं स्वामी दयानंद जी के जीवन से संबंधित नाटक प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया। विभिन्न कार्यक्रमों के द्वारा विद्यार्थियों ने प्रेम और भाईचारे के साथ रहने का संदेश दिया तथा समाज में फैली विभिन्न सामाजिक बुराइयों जैसे दहेज प्रथा , बाल विवाह, छुआछूत आदि को दूर करने का प्राण लेकर स्वच्छ एवं सुंदर समाज बनाने का प्रण लिया। भजन संध्या कार्यक्रम मे डीएवी एवं शहर के विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य एवं मलोट शहर की विभिन्न संस्थाओं के गणमान्य सदस्य उपस्थित थे। मंच संचालन पूनम और आशु गांधी द्वारा किया गया।