पार्टियां अपना फर्ज सही से निभाती तो इतना बड़ा आंदोलन नहीं होता : संधवा
आम आदमी पार्टी के विधायकों ने कसानों की हिमायत की।
संवाद सहयोगी, श्री मुक्तसर साहिब : आम आदमी पार्टी पंजाब के विधायकों कुलतार सिंह संधवा, प्रो. बलजिदर कौर, अमरजीत सिंह संदेआ, कुलवंत सिंह पंडौरी, मनजीत सिंह बिलासपुर, सरबजीत कौर, मा. बलदेव सिंह जैतो ने वीरवार को माघी मेले के दौरान श्री दरबार साहिब में नतमस्तक होने के लिए आए। इस दौरान उन्होंने संबोधित करते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने भी भाजपा का ही पक्ष रखा है।
उन्होंने कहा कि किसी की तरफ से कभी भी सुप्रीम कोर्ट के सामने कोई मांग नहीं रखी थी। उन्होंने कहा कि किसानों द्वारा तो भाजपा से ही खेती कानूनों को रद करने की मांग की है। सुप्रीम कोर्ट में जाने तथा कमेटी बनाने की मांग तो बीजेपी सरकार ने की थी, किसानों की ऐसी कोई भी मांग नहीं थी। उन्होंने कहा कि किसानों के बच्चे भी पढ़े लिखे हैं, उन्हें सबकुछ समझ में आता है। उन्होंने 26 जनवरी को लालकिले में ट्रैक्टर रैली के बारे में कहा कि वह किसानों तथा अन्य लोगों को भी अपील करते हैं कि वे भी अधिक से अधिक संख्या में पहुंचे तथा रैली को कामयाब बनाएं। अगर राजनैतिक पार्टियों ने अपने फर्ज सही तरीके से निभाए होते तो आज इतना बड़ा किसान आंदोलन नहीं होता। आज देश के अधिकतर किसान दिल्ली पहुंचने की तैयारी कर चुके हैं, जो नहीं जा पा रहे हैं वे स्थानीय स्तर पर किसानों के साथ हैं, तथा उनका पूरा सहयोग कर रहे हैं।
इस मौके पर उनके साथ जिला प्रधान जगदेव सिंह बाम, जगदीप सिंह काका बराड, जगदीप सिंह संधू फत्तनवाला, सरबजीत सिंह, जगमोहन सिंह आदि उपस्थित थे।