विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब चुनाव से पहले अकाली दल को झटका, दिवंगत विधायक के बेटे और रिटायर्ड SP राज बलविंदर मराड़ कांग्रेस में शामिल

Published: Tue, 27 Oct 2026 03:46 PM (IST)Updated: Tue, 27 Oct 2026 05:08 PM (IST)

दिवंगत अकाली विधायक सुखदर्शन सिंह मराड़ के पुत्र, सेवानिवृत्त एसपी राज बलविंदर सिंह मराड़ कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। ...और पढ़ें

रिटायर्ड SP राज बलविंदर मराड़ कांग्रेस में शामिल। फोटो जागरण

रिटायर्ड SP राज बलविंदर मराड़ कांग्रेस में शामिल। फोटो जागरण 

HighLights

  1. राज बलविंदर सिंह मराड़ कांग्रेस में हुए शामिल।

  2. मुक्तसर राजनीति में महत्वपूर्ण बदलाव, 2027 चुनाव पर असर।

  3. दिवंगत अकाली विधायक सुखदर्शन सिंह मराड़ के पुत्र।

जागरण संवाददाता, श्री मुक्तसर साहिब। श्री मुक्तसर साहिब की राजनीति में आज उस समय नई चर्चा शुरू हो गई, जब शिरोमणि अकाली दल के दिवंगत विधायक सुखदर्शन सिंह मराड़ के पुत्र एवं सेवानिवृत्त एसपी राज बलविंदर सिंह मराड़ कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए।

चंडीगढ़ स्थित पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल, पंजाब प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश अध्यक्ष प्रगट सिंह, चरणजीत सिंह चन्नी, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, प्रताप बाजवा, विजय इंद्र सिंगला, अमर सिंह सहित कांग्रेस के समूचे नेतृत्व ने राज बलविंदर सिंह मराड़ का पार्टी में शामिल होने पर स्वागत किया।

राजनीति में मराड़ का बड़ा नाम 

उनके कांग्रेस में शामिल होने को मुक्तसर विधानसभा क्षेत्र की राजनीति के संदर्भ में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है। सुखदर्शन सिंह मराड़ का नाम मुक्तसर की राजनीति में जाना-पहचाना रहा है। अब उनके पुत्र राज बलविंदर सिंह मराड़ के कांग्रेस में शामिल होने से क्षेत्र में पार्टी की राजनीतिक गतिविधियों और संगठनात्मक समीकरणों को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

कांग्रेस का बढ़ा कद

इस घटनाक्रम के बाद राज बलविंदर सिंह मराड़ के आगामी 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में मुक्तसर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ने की संभावनाओं को लेकर भी अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, उनकी उम्मीदवारी को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा सामने आने तक इसे केवल राजनीतिक चर्चा के रूप में ही देखा जाना चाहिए।

अब यह देखना होगा कि राज बलविंदर सिंह मराड़ के कांग्रेस में शामिल होने से आने वाले समय में क्षेत्र की राजनीति किस दिशा में आगे बढ़ती है और पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार के चयन को लेकर क्या फैसला लेती है।