दीवार तोड़ने का विरोध करने पर घर में घुसकर की मारपीट, दो गिरफ्तार
थाना सिटी की पुलिस ने घर की दीवार तोड़कर एसी का पाइप डालने का विरोध करने पर एक व्यक्ति से मारपीट करने के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके दो को गिरफ्तार कर लिया है।
संवाद सहयोगी,मोगा
थाना सिटी की पुलिस ने घर की दीवार तोड़कर एसी का पाइप डालने का विरोध करने पर एक व्यक्ति से मारपीट करने के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके दो को गिरफ्तार कर लिया है।
सहायक थानेदार गुरदीप सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता धर्मेंद्र सिंह पुत्र हरदेव सिंह निवासी गली नंबर 10 सूरज नगर ने बयान दर्ज करवाए हैं कि 19 अक्टूबर को सुखजोत सिंह, गुरमेल सिंह निवासी गली नंबर एक सूरज नगर और एक अज्ञात व्यक्ति ने उसके घर में घुसकर उनके साथ मारपीट की। शोर मचाने पर हमलावर मौके से फरार हो गए। मारपीट के बाद वह डरकर घर से बाहर नहीं निकले। 26 अक्टूबर को ज्यादा तकलीफ होने के कारण उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल मोगा में दाखिल होना पड़ा। शिकायतकर्ता ने बताया कि उक्त लोगों ने उसके घर की दीवार को तोड़कर एसी का पाइप डाला था। तब उन्होंने इसका विरोध किया था। इस संबंध में उन्होंने पार्षद से भी शिकायत की थी। इसी रंजिश का बदला लेने के लिए उक्त लोगों ने उन पर हमला किया। पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयानों के आधार पर सुखजोत सिंह व गुरमेल सिंह को गिरफ्तार कर एक अज्ञात सहित तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।