विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

विदेश में हुई बहस का मोगा में लिया बदला, मौसी के घर के बाहर चलाई गोलियां; CCTV में वारदात कैद

Published: Thu, 15 Oct 2026 06:11 PM (GMT+05:30)

मोगा के बुध सिंह वाला गांव में विदेश में हुए पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक ने अपनी मौसी के घर के बाहर लाइसेंसी रिवाल्वर से फायरिंग कर दी।

HighLights

  1. विदेश में रिश्तेदारों के बच्चों में विवाद हुआ

  2. मोगा के बुध सिंह वाला में फायरिंग हुई

  3. लाइसेंसी रिवाल्वर से गुरप्रीत सिंह ने गोली चलाई

राज कुमार राजू, मोगा। विदेश में रिश्तेदारों के बच्चों के बीच हुई कथित तकरार की गूंज जिला मोगा के गांव बुध सिंह वाला तक पहुंच गई। यहां एक युवक पर अपनी मौसी के घर के बाहर लाइसेंसी रिवाल्वर से फायरिंग करने का आरोप लगा है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विदेश में रहने वाले रिश्तेदारों के बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के चलते गांव बुध सिंह वाला में रणधीर सिंह के घर के बाहर गोलियां चलाई गईं।

मामले की जानकारी देते हुए बाघापुराना के डीएसपी जसविंदर सिंह ने बताया कि गांव बुध सिंह वाला में रणधीर सिंह के घर के बाहर फायरिंग होने की सूचना पुलिस को 112 के माध्यम से मिली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई।

डीएसपी के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि रणधीर सिंह की साली के बेटे गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी ने अपने 12 बोर के लाइसेंसी रिवाल्वर से घर के बाहर फायरिंग की।

पुलिस को मिली जानकारी के मुताबिक, विदेश में रहने वाले रिश्तेदारों के बच्चों के बीच पहले किसी बात को लेकर तकरार हुई थी। इसी विवाद के बाद रणधीर सिंह के घर के बाहर गोलियां चलाने की बात सामने आई है।

पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि फायरिंग किन परिस्थितियों में हुई और घटना के पीछे क्या कारण थे। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के तथ्यों के आधार पर की जाएगी।