पंजाब के मोगा में सड़क हादसा, शादी से लौट रहे परिवार की कार ट्राले से टकराई; दो की मौत और 3 घायल
पंजाब के मोगा जिले के बुटर कलां गांव के पास एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति और 10 वर्षीय बच्चे ...और पढ़ें
-1792414135763_m.webp)
मोगा सड़क हादसे में दो की मौत और तीन घायल।
HighLights
मोगा के बुटर कलां में भीषण सड़क हादसा।
एक व्यक्ति और 10 वर्षीय बच्चे की मौत।
शादी से लौट रहे परिवार के तीन घायल।
संवाद सहयोगी, मोगा। पंजाब के मोगा जिले के गांव बुटर कलां के निकट सोमवार सुबह सड़क हादसे में एक व्यक्ति और 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा उस समय हुआ, जब परिवार हरियाणा में आयोजित शादी समारोह से ऑल्टो कार में सवार होकर वापस लौट रहा था। गांव बुटर कलां के निकट सड़क किनारे खड़े ट्रक-ट्राले से कार टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार पांचों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सभी को एंबुलेंस की मदद से मोगा के एक निजी अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। तीन घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जालंधर रेफर कर दिया गया।
थाना बधनी कलां के एएसआई अमरपाल सिंह ने बताया कि जालंधर जिले के गांव लोहियां खास निवासी प्रदीप गांधी अपनी मां राधा रानी, भाई मोदन गांधी, भाभी प्रियंका गांधी और 10 वर्षीय भतीजे नवजोत गांधी पुत्र मोदन गांधी के साथ कार में सवार होकर हरियाणा में आयोजित शादी समारोह से लौट रहे थे।
सोमवार सुबह जब उनकी ऑल्टो कार गांव बुटर कलां के निकट पहुंची तो सड़क किनारे खड़े ट्रक-ट्राले से टकरा गई। हादसे में प्रदीप गांधी और उनके 10 वर्षीय भतीजे नवजोत गांधी की मौत हो गई। वहीं, राधा रानी, मोदन गांधी और प्रियंका गांधी गंभीर रूप से घायल हो गए।
तीनों को मोगा के निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद जालंधर रेफर कर दिया गया। एएसआई अमरपाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने परिवार के बयानों के आधार पर ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है।
