राजौरी सेक्टर में पाकिस्तानी सैनिकों की फायरिंग में पंजाब का जवान शहीद
राजौरी सेक्टर में पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा ही फायरिंग में मोगा के कस्बा कोट ईसे खां के गांव जनेर निवासी 25 वर्षीय जवान कर्मजीत सिंह शहीद हो गया।
मोगा [सत्येन ओझा]। राजौरी सेक्टर में पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा ही फायरिंग में मोगा के कस्बा कोट ईसे खां के गांव जनेर निवासी 25 वर्षीय जवान कर्मजीत सिंह शहीद हो गया। पिछले महीने ही इसी कस्बे का निवासी जैमल सिंह पुलवामा हमले में शहीद हुआ था। कर्मजीत सिंह की 16 मार्च की छुट्टी मंजूर हुई थी, लेकिन सीमा पर तनाव का माहौल देखते हुए छुट्टी रद हो गई थी।
गांव के नौजवान के शहीद हो जाने की सूचना मिलने के बाद ग्रामीण कर्मजीत सिंह के घर के आसपास एकत्र होने शुुरू हो गए हैं। हालांकि शहीद की मां कुलवंत कौर को बेटे के शहीद होने की जानकारी अभी परिजनों ने नहीं दी है। घर में एकत्र लोगों से जब मां ने पूछा तो किसी ने कुछ नहीं बताया। इसके बाद मां बेहोश हो गई।
शहीद कर्मजीत सिंह सिंह।
पिता अवतार सिंह व ताया रिटायर्ड सूबेदार दरबारा सिंह ने बताया कि कर्मजीत सिंह सेना में सिपाही के पद पर 2015 में भर्ती हुआ था। होली पर उसे घर आना था। इसके लिए 16 मार्च की छुट्टी मंजूर हो गई थी, लेकिन सीमा पर तनाव के हालातों को देखते हुए छुट्टी रद कर दी गई थी।
शहादत की खबर के बाद शहीद कर्मजीत सिंह के घर पहुंचे लोग।
शहीद के पिता अवतार सिंह ने बताया कि जनेर का एक अन्य जवान गुरतेजपाल सिंह भी कर्मजीत सिंह के साथ ही राजौरी सेक्टर में तैनात है, उसी ने सोमवार सुबह लगभग साढ़े दस बजे शहीद के पिता अवतार सिंह को फोन के माध्यम से कर्मजीत सिंह की शहीद होने की सूचना दी थी। बाद में जब सूचना ग्रामीणों को पता चली तो लोग उनके घर पर एकत्रित होना शुरू हो गए थे।