अतिक्रमण हटाओ अभियान की अब होगी वीडियोग्राफी
जोगिदर सिंह चौक में शुक्रवार को नगर निगम मुलाजिमों व रेहड़ी वालों के बीच हुए संघर्ष के बाद निगम कमिश्नर अनीता दर्शी ने निर्देश जारी किए हैं कि अतिक्रमण हटाओ अभियान की पूरी वीडियोग्राफी की जाए। साथ ही उन्होंने शुक्रवार को हुई घटना के सीसीटीवी फुटेज भी तलब किए हैं।
जागरण संवाददाता, मोगा : जोगिदर सिंह चौक में शुक्रवार को नगर निगम मुलाजिमों व रेहड़ी वालों के बीच हुए संघर्ष के बाद निगम कमिश्नर अनीता दर्शी ने निर्देश जारी किए हैं कि अतिक्रमण हटाओ अभियान की पूरी वीडियोग्राफी की जाए। साथ ही उन्होंने शुक्रवार को हुई घटना के सीसीटीवी फुटेज भी तलब किए हैं।
इस बीच निगम कमिश्नर ने स्पष्ट कर दिया है कि पूरे शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी रहेगा, शहर के लोगों के हित में चलाए जाने वाले इस अभियान में उन्होंने सभी लोगों से सहयोग की अपील की है, साथ ही कहा है कि अतिक्रमण कर ट्रैफिक में जो बाधक बनेगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसमें किसी के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं होगा।
निगम कमिश्नर अनीता दर्शी का कहना है कि जोगिदर सिंह चौक को अतिक्रमण मुक्त बनाना उनकी प्राथमिकता में शामिल हैं। निजी बस संचालकों के साथ भी बैठक हो चुकी है, उन्हें दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं, अगर निजी बस संचालक नहीं मानेंगे तो आने वाले दिनों में उनके खिलाफ भी कार्रवाई जारी रहेगी। इसके साथ ही जोगिदर सिंह चौक के बाद मेन बाजार, प्रताप रोड, रेलवे रोड पर ही चरणबद्ध ढंग से अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी रहेगा। जिसका सिर फोड़ा उसी पर कर दी एफआईआर
इस बीच थाना सिटी-1 ने झगड़े के मामले में जिस सागर नामक रेहड़ी वाले के सिर में फूटा था, उसी के खिलाफ नगर निगम के मुलाजिमों के साथ मारपीट का केस दर्ज कर लिया। घायल के अलावा चार अन्य के खिलाफ भी पुलिस ने केस दर्ज किया है।
सहायक थानेदार गुरजिदर सिंह ने बताया कि बलवीर सिंह पुत्र पोहला सिंह निवासी संत नगर मोगा ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई कि वह नगर निगम में नौकरी करता है, छह दिसंबर को सुबह साढे़ 10 बजे जोगिदर सिंह चौक मोगा में अपने साथियों समेत नाजायज कब्जे हटवा रहा था। इस दौरान नाजायज ढंग से लगाई गई रेहडियों को हटवाने लगे तो सागर, मूलचंद,महेंद्र सिंह, राहुल व धरीन कुमार निवासी मोगा ने उस पर हमला करते हुए ईंट पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। सहायक थानेदार गुरजिदर सिंह से जब पूछा गया कि जिसका सिर फूटा गया उसकी शिकायत पर क्या हुआ। इस पर उन्होंने कहा कि मामले की तफ्तीश कर रहे हैं।