निर्भया कांड की सातवीं बरसी पर निकाली रैली
एलआईसी के कार्यालय के सामने सोमवार को भारतीय जीवन बीमा निगम के कर्मचारियों ने निर्भया केस की सातवीं बरसी पर रैली निकाली।
संवाद सहयोगी, मोगा : एलआईसी के कार्यालय के सामने सोमवार को भारतीय जीवन बीमा निगम के कर्मचारियों ने निर्भया केस की सातवीं बरसी पर रैली निकाली। रैली निकालकर उन्होंने मांग की कि देश की बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी मांग की कि जस्टिस जेएम वर्मा कमीशन की सिफारिशों के अनुसार बनाया गया कानून करके पीड़िता को इंसाफ दिलाया जाए। इन मांगों को मनवाने के लिए एकत्रित कर्मचारियों ने जोरदार नारेबाजी भी की। नार्दन जोन इंश्योरेंस इंप्लाइज एसोसिएशन के सचिव रतन चंद ने कहा कि देश के अमन पसंद लोगों का यह मानना था कि निर्भया केस के बाद देश में हुए बडे़ विरोध के बाद इस तरह की घिनौनी घटनाएं बंद होनी चाहिए थीं, लेकिन सात वर्ष बीतने के बाद भी उन्नाव, रांची, कठुआ और हैदराबाद जैसे केस लगातार हो रहे है। नेशनल क्राइम रिकार्ड ब्यूरो के अनुसार हर 20 मिनट बाद देश में एक दुष्कर्म का केस हो रहा है और ट्रायल के लिए 2017 में 1.17 लाख केस लंबित पड़े है। उन्नाव जैसे केसों में अपराधियों को जमानत पर रिहा किया गया है। उन्होंने बताया कि निर्भया कांड में केवल पांच प्रतिशत की खर्च किया गया है जबकि बेटी बचाओ योजना के अंतर्गत पूरा फंड इस्तेमाल किया जाना चाहिए था। इस रैली को महासचिव रतन चंद, अध्यक्ष बलदेव सिंह, भूपेन्द्र सिंह खोसा, विवेक, सुरजीत, कामरेड सरिता, पूनम अरोड़ा ने भी संबोधित किया।