नहर में गिरा व्यक्ति, कीचड़ में फंसने से मौत
कस्बा बधनी कलां में रहने वाले एक 42 वर्षीय व्यक्ति की रविवार शाम कस्बा बधनी कलां से बहती नहर में कीचड़ में फंसने से मौत हो गई।
संवाद सहयोगी, मोगा : कस्बा बधनी कलां में रहने वाले एक 42 वर्षीय व्यक्ति की रविवार शाम कस्बा बधनी कलां से बहती नहर में कीचड़ में फंसने से मौत हो गई।
मृतक जगतार सिंह पुत्र निरंजन सिंह निवासी बधनी कलां के बेटे मंगल सिंह ने बताया कि उसका पिता काफी समय से परेशान चल रहा था। वह कस्बे से गुजरने वाली नहर पर बने पूर्वजों के धार्मिक स्थल पर माथा टेकने के लिए गया था, लेकिन अचानक उसका पांव फिसलने से वह कस्बे से बहती नहर में जा गिरा और एक गड्ढे में जमा कीचड़ में फंस गया। उसने काफी देर तक कीचड़ से निकलने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुआ। काफी समय बाद लोगों ने उसे कीचड़ से निकाल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मंगल सिंह ने बताया कि कुछ दिन बाद उसकी बहन की शादी होने वाली थी। पिता की मौत से परिवार शोक के माहौल में डूब गया है। थाना बधनी कलां पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोगा के सिविल अस्पताल में रखवा कर जांच शुरू कर दी है।