नेताओं के वादों की खोली पोल, तो छिड़ा सियासी घमासान
मोगा मूर्ख दिवस (फर्स्ट अप्रैल) के दिन एंटी करप्शन अवेयरनेस ऑर्गेनाइजेशन ने सोमवार को निगम के सामने मतदाता जागरूकता मुहिम के नाम पर नेताओं के मूर्ख बनाने वाले दावों की पोल खोलनी शुरू की तो अभियान को लेकर सियासी जंग छिड़ गई।
सत्येन ओझा, मोगा : मूर्ख दिवस (फर्स्ट अप्रैल) के दिन एंटी करप्शन अवेयरनेस ऑर्गेनाइजेशन ने सोमवार को निगम के सामने मतदाता जागरूकता मुहिम के नाम पर नेताओं के मूर्ख बनाने वाले दावों की पोल खोलनी शुरू की तो अभियान को लेकर सियासी जंग छिड़ गई।
अभियान आर्गेनाइजेशन के चेयरमैन व भाजपा पार्षद गुरप्रीत सिंह सचदेवा के नेतृत्व में चलाया जा रहा था, अभियान वाली जगह पर एक बड़ा फ्लैक्स लगाया गया था, जिस पर आरटीआइ में निगम से मिले उस जवाब का पत्र छापा गया था, जिसमें लिखा था कि मार्च 2017 से अब तक पंजाब सरकार ने निगम को एक पैसे की भी ग्रांट नहीं दी है, साथ ही 100 करोड़ की ग्रांट देने के निकाय मंत्री नवजोत सिद्धू के बयान की खिल्ली उड़ाई गई थी। कांग्रेस नेता इस पर बिखर पड़े। उन्होंने उल्टा भाजपा पार्षद पर ही हमला बोल दिया, उन्होंने भाजपा पार्षद से सवाल किया कि 40 करोड़ की ग्रांट निगम के पास होते हुए भी चार साल में विकास का एक टेंडर क्यों नहीं लगवा सके, दूसरों पर उंगली उठाने वाले पार्षद अपनी पार्टी की हकीकत भी जनता के सामने लाएं।
आर्गेनाइजेशन के चेयरमैन एवं भाजपा पार्षद गुरप्रीत सिंह सचदेवा ने ं मतदाता जागरूकता मुहिम सोमवार दोपहर 11 बजे निगम ऑफिस के सामने शुरू की। भाजपा पार्षद व उनकी संस्था के दूसरे पदाधिकारी आने-जाने वालों को 15 लाख व 72 हजार रुपये के प्रतीकात्मक चेक अप्रैल फूल लिखकर बांट रहे थे, साथ ही लोगों को संदेश दे रहे थे, जिस तरह सरकारों ने लोगों के खाते में पैसे डालने के दावे कर लोगों को मूर्ख बनाया है। इस बार के चुनाव में वे मूर्ख न बनें बल्कि किसी भी पार्टी के प्रत्याशी को वोट देने से पहले उनसे शपथ पत्र पर हस्ताक्षर कराएं कि वे जो वादे करेंगे उसे पूरा करेंगे पूरा न कर पाने की स्थिति में संसद की सदस्यता से त्यागपत्र दे देंगे। वे प्रतीकात्मक रूप में सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र बांटकर पंजाब सरकार की खिल्ली भी उड़ा रहे थे। पंजाब सरकार से ग्रांट न मिलने का बड़ा फ्लैक्स भी आयोजन स्थल पर लगाया गया था।
भाजपा पार्षद बने आयुष अस्पताल में अड़ंगा : डॉ. हरजोत
कांग्रेस के एमएलए डॉ. हरजोत कमल ने भाजपा पार्षद पर हमला बोलते हुए कहा कि वे ये भी जनता को बताएं कि शहर के लिए वे आयुष हॉस्पीटल लेकर आए, लेकिन अकाली भाजपा पार्षद व मेयर क्यों जगह डीसी रेट पर देने की बात कहकर अड़ंगा लगा रहे हैं। ट्रोमा सेंटर के लिए जगह न देकर शहर की बड़ी समस्या का हल क्यों नहीं होने दे रहे हैं। 40 करोड़ का बजट निगम के पास है, फिर भी चार साल में एक पैसे का विकास तो दूर शहर की सड़कों, नालियों की मेंटीनेंस तक क्यों नहीं करा पाए। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी की बुद्धिजीवी सेल के सीनियर वाइस चेयरमैन रवि पंडित ने भी भाजपा पार्षद पर हमला करते हुए कहा कि भाजपा पार्षद ड्रामेबाजी बंद करे, जनता को ये बताएं उनकी निगम ने चार साल में शहर में किया क्या है।