विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब के मोगा में नशा तस्करी से अर्जित संपत्ति पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 73.60 लाख की संपत्ति फ्रीज

Published: Sat, 03 Oct 2026 04:21 PM (IST)

मोगा पुलिस ने नशा तस्करी से कथित तौर पर अर्जित 73.60 लाख रुपये मूल्य की एक संपत्ति को फ्रीज कर दिया है।

पंजाब के मोगा में नशा तस्कर के खिलाफ एक्शन (जागरण फोटो)

पंजाब के मोगा में नशा तस्कर के खिलाफ एक्शन (जागरण फोटो)

HighLights

  1. मोगा पुलिस ने नशा तस्करी से अर्जित संपत्ति फ्रीज की

  2. 73.60 लाख रुपये की संपत्ति दलबजीत सिंह के नाम पर

  3. अवैध आर्थिक नेटवर्क पर रोक लगाने का पुलिस का प्रयास

जागरण संवाददाता, मोगा। नशा तस्करी के माध्यम से कथित तौर पर अर्जित की गई अवैध आय से बनाई गई संपत्ति के खिलाफ मोगा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 73.60 लाख रुपये मूल्य की एक संपत्ति को फ्रीज कर दिया है।

यह संपत्ति मोगा के गुरु राम दास नगर में स्थित है और दलबजीत सिंह उर्फ सिकंदर के नाम पर दर्ज बताई गई है। पुलिस की ओर से की गई वित्तीय जांच के आधार पर संपत्ति को फ्रीज करने का आदेश जारी किया गया था, जिसे सक्षम प्राधिकरण ने भी अनुमोदित कर दिया है।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई एसएसपी मोगा सरताज सिंह चाहल के दिशा-निर्देशों पर की गई। कार्रवाई में एसपी (डी) अजय राज सिंह, पीपीएस, डीएसपी सिटी गुरप्रीत सिंह तथा थाना सिटी-1 के प्रभारी गुरविंदर सिंह की अगुआई में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

73.60 लाख रुपये दर्ज है संपत्ति का मूल्य

वित्तीय जांच के दौरान दलजीत सिंह उर्फ सिकंदर के नाम पर गुरु राम दास नगर, मोगा में दर्ज संपत्ति सामने आई। पुलिस के अनुसार उक्त संपत्ति का दर्ज मूल्य 73.60 लाख रुपये है। नशा तस्करी से कथित तौर पर अर्जित अवैध आय से संपत्ति हासिल किए जाने के संबंध में जांच के बाद इसे फ्रीज करने की कार्रवाई की गई।

पुलिस ने बताया कि संपत्ति संबंधी जारी रोक आदेश को सक्षम प्राधिकरण एवं प्रशासक, सफेमा एवं एनडीपीएसए, नई दिल्ली ने भी कंफर्म कर दिया है। आदेश के अनुसार सक्षम प्राधिकरण की पूर्व अनुमति के बिना उक्त संपत्ति को बेचने, हस्तांतरित करने या किसी अन्य तरीके से उसका लेनदेन करने पर रोक रहेगी।

नशा तस्करी से जुड़ी अवैध संपत्ति पर कार्रवाई

मोगा पुलिस की ओर से नशा तस्करी के मामलों में आरोपित व्यक्तियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ कथित तौर पर नशे से अर्जित धन और उससे बनाई गई संपत्तियों की वित्तीय जांच पर भी जोर दिया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी से जुड़े अवैध धन और उससे अर्जित संपत्तियों की पहचान कर कानून के अनुसार कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस प्रकार की कार्रवाई का उद्देश्य नशा तस्करी से जुड़े कथित अवैध आर्थिक नेटवर्क पर रोक लगाना और अवैध आय से अर्जित संपत्तियों को कानून के दायरे में लाना है।