विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब के मोगा में ट्रैक्टर के स्पीकर बॉक्स से निकली एक किलो हेरोइन, 4 तस्कर गिरफ्तार

Published: Wed, 30 Sep 2026 04:49 PM (IST)

मोगा पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक किलो हेरोइन के साथ चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

मोगा में पुलिस ने 4 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है।

मोगा में पुलिस ने 4 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है।

HighLights

  1. मोगा पुलिस ने 1 किलो हेरोइन के साथ चार तस्कर पकड़े

  2. ट्रैक्टर के स्पीकर बॉक्स में छिपाई गई थी हेरोइन की खेप

  3. मुख्य सप्लायर हरपाल सिंह सहित सभी पुलिस रिमांड पर

राजकुमार राजू, मोगा। मोगा पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक किलो हेरोइन के साथ चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। सीआईए स्टाफ मोगा की टीम ने पहले तीन आरोपितों को नई दाना मंडी से ट्रैक्टर समेत काबू किया।

तलाशी के दौरान ट्रैक्टर की छतरी पर लगे स्पीकर बॉक्स में छिपाकर रखी गई एक किलो हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने मामले की आगे जांच करते हुए चौथे आरोपित को भी गिरफ्तार कर लिया। अदालत ने चारों आरोपितों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

एसएसपी मोगा सरताज सिंह चहल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि मानसा जिले के गांव धलेवा निवासी हरपाल सिंह उर्फ बब्बू अपने पिता जरनैल सिंह, बलराम कुमार उर्फ बब्बलू और हीरा लाल उर्फ हीरा के माध्यम से अलग-अलग जिलों में हेरोइन की सप्लाई करवा रहा है। सूचना के अनुसार तीन आरोपित हेरोइन की खेप लेकर मोगा शहर पहुंचे थे और नई दाना मंडी में किसी व्यक्ति को सप्लाई देने के लिए इंतजार कर रहे थे।

सीआईए स्टाफ की टीम ने कार्रवाई करते हुए जरनैल सिंह, बलराम कुमार उर्फ बब्बलू और हीरा लाल उर्फ हीरा को स्वराज 855 ट्रैक्टर नंबर पी बी-31-जेड-310 समेत काबू कर लिया। पुलिस ने जब ट्रैक्टर की तलाशी ली तो उसकी छतरी पर लगे स्पीकर बॉक्स से पारदर्शी मोमी लिफाफे में रखी एक किलो हेरोइन बरामद हुई।

पुलिस ने तीनों के खिलाफ थाना सिटी मोगा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान सामने आए बैकवर्ड लिंक के आधार पर पुलिस ने मुख्य सप्लायर बताए जा रहे हरपाल सिंह उर्फ बब्बू को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार हरपाल सिंह उर्फ बब्बू के खिलाफ पहले भी नशे से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपितों में हीरा लाल उर्फ हीरा की उम्र करीब 20 वर्ष और हरपाल सिंह उर्फ बब्बू की उम्र करीब 28 वर्ष बताई गई है।

चारों आरोपितों को अदालत में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हेरोइन की खेप कहां से लाई गई थी और इसे मोगा के अलावा किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जाना था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूछताछ के दौरान नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी अहम खुलासे होने की संभावना है।