पंजाब: मोगा में चीनी की कालाबाजारी रोकने के लिए सख्त निर्देश जारी, थोक विक्रेताओं से हुई बैठक
चीनी की बढ़ती कीमतों और कालाबाजारी रोकने के लिए मोगा के जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक ने थोक विक्रेताओं के साथ बैठक की।

जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक सुखविंदर सिंह गिल, जिला मोगा के सभी चीनी थोक विक्रेताओं के साथ बैठक के दौरान।
HighLights
मोगा में चीनी की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण हेतु बैठक
थोक विक्रेताओं को कालाबाजारी रोकने के लिए सख्त निर्देश दिए गए
स्टॉक सीमा और पोर्टल पर नियमित अपडेट अनिवार्य किया गया
राजकुमार राजू, मोगा। पंजाब सहित पूरे भारत में पिछले लगभग एक सप्ताह से चीनी की कीमतों में आई तेजी के कारण उपभोक्ताओं को उचित दर पर चीनी उपलब्ध करवाने और बाजार में कालाबाजारी रोकने के लिए डिप्टी कमिश्नर मोगा सागर सेतिया के दिशा-निर्देशों के अनुसार जिला मोगा के सभी चीनी थोक विक्रेताओं की बैठक जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक सुखविंदर सिंह गिल द्वारा अपने कार्यालय में बुलाई गई। बैठक में जिले के लगभग सभी थोक विक्रेता उपस्थित हुए।
सुखविंदर सिंह गिल, जिला नियंत्रक मोगा, ने बैठक में चीनी के सभी थोक विक्रेताओं/डीलरों को पंजाब सरकार द्वारा दिनांक 17-08-2026 को जारी दिशा-निर्देशों की प्रति देते हुए बताया कि कोई भी डीलर स्टॉक प्राप्त होने की तारीख से 30 दिनों से अधिक समय तक कोई स्टॉक अपने पास नहीं रखेगा और देशभर में किसी भी समय तथा किसी भी स्थान पर 4,000 क्विंटल से अधिक स्टॉक नहीं रखेगा।
चीनी स्टॉक की स्थिति अपडेट करें
डीलरों को निर्देश दिए गए कि यदि वे पहले से पंजीकृत नहीं हैं तो वे तुरंत फूड स्टॉक मॉनिटरिंग पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवाएं और पंजीकरण होते ही पोर्टल पर अपने मौजूदा स्टॉक की स्थिति अपलोड करें। इसके बाद प्रत्येक शुक्रवार को नियमित रूप से पोर्टल पर अपने चीनी स्टॉक की स्थिति अपडेट करें।
उन्हें यह भी निर्देश दिया गया कि भारत सरकार द्वारा निर्धारित स्टॉक सीमा और समय-सीमा के अनुसार ही स्टॉक रखा जाए, ताकि जिला मोगा में चीनी की जमाखोरी और कालाबाजारी न हो सके तथा आम जनता को चीनी की किसी प्रकार की कमी का सामना न करना पड़े।
चीनी से संबंधित नहीं देंगे शिकायत
चीनी के सभी थोक विक्रेताओं ने विश्वास दिलाया कि मोगा जिले के सभी चीनी थोक विक्रेता/डीलर सरकार के निर्देशों का पालन करते हुए निर्धारित नियमों के अनुसार ही काम करेंगे और जिला मोगा में चीनी की जमाखोरी, कालाबाजारी तथा चीनी की कमी संबंधी किसी भी शिकायत का अवसर नहीं देंगे।
