पंजाब के मोगा में आठ वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म, चाकलेट दिलाने के लिए पड़ोसी युवक ले गया था साथ
पंजाब के मोगा में पड़ोसी युवक आठ वर्षीय बच्ची को चाकलेट दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया। युवक उसे पशुओं के बाड़े में ले गया और वहां उससे दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
जेएनएन, मोगा। पंजाब के मोगा स्थित थाना बधनी कलां के एक गांव में आठ वर्षीय बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले युवक ने उसे चाकलेट दिलाने का लालच दिया और साथ ले गया। युवक उसे पशुओं के बाड़े में ले गया और दुष्कर्म करने लगा। लड़की जब चिल्लाई तो मां ने उसकी आवाज सुन ली। मां जब वहां पहुंची तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। पड़ोसी युवक बच्ची से दुष्कर्म कर रहा था। मां के पहुंचने पर वह मौके से फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि आरोपित खुद दो बच्चों का पिता है। वह काफी दिनों से बच्ची पर निगाह रखे हुए था। घटना के बाद बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस में भी शिकायत दर्ज करवा दी गई है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। उसे आज अदालत में पेश किया जाएगा।
थाना बधनी कलां में तैनात जांच अधिकारी इंस्पेक्टर करमजीत कौर ने बताया कि पीड़ित बच्ची की मां ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसकी बेटी रविवार को सुबह घर के बाहर बच्चों के साथ खेल रही थी। कुछ देर बाद उसने बच्ची के चीखने की आवाजें सुनी तो वह उसे ढूंढ़ने चली गई। उसने देखा कि पड़ोस में रहने वाला व्यक्ति अपने पशुओं के बाड़े में बने तूड़ी वाले कमरे में उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म कर रहा था। उसने आरोपित से बेटी को छुड़ाया। इस बीच, आरोपित फरार हो गया। उसने बेटी को कस्बा बधनी कलां के सरकारी अस्पताल में पहुंचाया। वहां डाक्टरों से बच्ची को मोगा के सिविल अस्पताल में रेफर कर दिया।
बेटियां नहीं हैं सुरक्षित
सिविल अस्पताल में बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए आंखों में आंसू लिए उसकी मां, दादी, चाची व अन्य महिलाओं ने कहा कि दुष्कर्म करने वाला व्यक्ति उनके ही समुदाय का है। कानून व्यवस्था इतनी बिगड़ चुकी है कि अपने ही मोहल्ले में खेलने वाली बच्चियां भी सुरक्षित नहीं हैंं। उन्होंने कहा कि ऐसे घिनौना काम करने वाले हैवान को फांसी होनी चाहिए।
चाकलेट दिलाने के बहाने मासूम को ले गया
सिविल अस्पताल में मौजूद पीड़ित बच्ची के स्वजनों ने बताया कि पड़ोस में रहने वाला आरोपित दो बच्चों का पिता उनकी बच्ची को चाकलेट दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया था।