मोगा की कैंप मार्केट में कपड़ा शोरूम में भीषण आग, मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड
मोगा की कैंप मार्केट में एक कपड़े के शोरूम में भीषण आग लग गई, जिस पर फायर ब्रिगेड ने समय रहते काबू पाकर बड़ा हादसा टाल दिया।
-1787643241519_m.webp)
मोगा कैंप मार्केट में कपड़ों के शोरूम में लगी भीषण आग (फोटो: जागरण)
राजकुमार राजू, मोगा। शहर की व्यस्त कैंप मार्केट में देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कपड़ों के शोरूम में अचानक भीषण आग लग गई। कपड़ों और अन्य ज्वलनशील सामान से भरे शोरूम में आग तेजी से फैलने लगी।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी। दमकल कर्मियों की मुस्तैदी से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे आसपास की दुकानों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया।
फायर विभाग के अधिकारी अरविंदर सिंह ने बताया कि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की संभावना सामने आ रही है। उन्होंने बताया कि कई दुकानों की फाल्स सीलिंग के अंदर बिजली की तारें लगी होती हैं।
इन तारों पर अधिक लोड पड़ने से वे गर्म होकर पिघल सकती हैं और इससे आग लगने का खतरा बढ़ जाता है। कपड़ों के शोरूम में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामान होने के कारण आग तेजी से फैल सकती थी।
उन्होंने बताया कि कैंप मार्केट काफी घनी और व्यस्त मार्केट है, जहां एक दुकान में लगी आग आसपास की दुकानों के लिए भी बड़ा खतरा बन सकती है। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने के साथ-साथ उन स्थानों पर भी पानी का प्रेशर मारा, जहां आग फैलने की आशंका थी। इससे आसपास के हिस्से को ठंडा किया गया और आग दोबारा भड़कने की संभावना को कम किया गया। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
दुकानदारों से फायर सेफ्टी इंतजाम करने की अपील
फायर विभाग के अधिकारी ने कैंप मार्केट सहित शहर के अन्य बाजारों के दुकानदारों से अपील की कि वे अपनी दुकानों और शोरूमों में फायर सेफ्टी के पुख्ता इंतजाम रखें। खासकर कपड़ों, प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील सामान का कारोबार करने वाली दुकानों में सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरती जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक दुकान में कम से कम एक फायर एक्सटिंग्विशर जरूर होना चाहिए, ताकि छोटी आग को शुरुआती स्तर पर ही बुझाया जा सके। समय पर किया गया छोटा सा सुरक्षा इंतजाम बड़े हादसे को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। साथ ही दुकानदारों को बिजली की वायरिंग और अधिक लोड वाले उपकरणों की समय-समय पर जांच करवाने की भी जरूरत है।
