अध्यात्म से ही जीवन को मिलती है सफलता : सुनील शास्त्री
देवी दास केवल कृष्ण चैरिटेबल ट्रस्ट में सुनील कुमार शास्त्री ने मांगलिक महासत्संग यू-ट्यूब पर सुनाया। उन्होंने कहा कि व्यक्ति के लिए अध्यात्म में उन्नति जरूर करनी चाहिए।
संवाद सहयोगी, मोगा : देवी दास केवल कृष्ण चैरिटेबल ट्रस्ट में सुनील कुमार शास्त्री ने मांगलिक महासत्संग यू-ट्यूब पर सुनाया। उन्होंने कहा कि व्यक्ति के लिए अध्यात्म में उन्नति जरूर करनी चाहिए। इसके बिना हमारा जीवन अधूरा रहता है। वेद जहां समस्त विद्याओं को सीखने की बात बताता है वहीं विशेष रूप से अध्यात्म की ओर बढ़ने की प्रेरणा देता है। मनुष्य जीवन को आध्यात्मिकता से जोड़ करके जो जीवन-यापन करते हैं उन्हीं लोगों का जीवन सफल होता है। आध्यात्मिक जीवन से अभिप्राय है कि अपने आत्मा व परमात्मा पर पूर्ण विश्वास रखते हुए अपना जीवन चलाना। आत्मा चेतन है जिसने अपने बचपन को भी देखा है, युवावस्था को भी देखा और वृद्धावस्था को भी देख रहा है। यह जड़ शरीर तो एक दिन अग्नि में जला दिया जाएगा। परंतु आत्मा समाप्त नहीं होती। अपनी अगली यात्रा पर निकल जाती है। ऐसा विचार करके जीवन में आत्मा को मुख्य और शरीर और मन को गौण समझकर आचरण करना और परमपिता परमात्मा को दोनों का अधिष्ठाता व नियंत्रक मानकर जीवन जीना आध्यात्मिक जीवन है। परमात्मा मेरा पिता माता है और मैं उसका पुत्र हूं। हर क्षेत्र में पिता हमारा ध्यान रखता है । दोनों समय संध्या वंदन करें और ईश्वर की आज्ञा का पालन करे। इसी से हम अपने जीवन में सुख शांति सुकून व आनंद को प्राप्त कर सकते हैं। तथा वैदिक संस्कृति को बढ़ा सकते हैं। इसका प्रचार-प्रसार कर सकते हैं।