डीसी के एक्शन प्लान तहत संस्थाएं आई आगे, निगम गया पिछड़
प्रकाश पर्व को लेकर डिप्टी कमिश्नर की अगुवाई में मोगा को सुंदर बनाने के लिए एक्शन प्लान के तहत पौधारोपण करने की मुहिम का आगाज किया गया है।
राज कुमार राजू, मोगा : प्रकाश पर्व को लेकर डिप्टी कमिश्नर की अगुवाई में मोगा को सुंदर बनाने के लिए एक्शन प्लान के तहत पौधारोपण करने की मुहिम का आगाज किया गया है। इसको लेकर अब तक शहर की विभिन्न संस्थाएं शहर के अलग-अलग इलाकों में पौधारोपण करने समेत उनकी देखभाल का कार्य कर रहे हैं। अब तक समाजसेवी संस्थाओं द्वारा अलग-अलग स्थानों पर करीब बीस हजार पौधे लगाए गए है।
पौधारोपण करने के लिए कर रहे हैं प्रेरित :अनमोल
अनमोल योग सेवा समिति की मुख्य संचालिका अनमोल शर्मा ने बताया कि उनके द्वारा पिछले काफी समय से लोगों को निरोग बनाने में योगदान दिया जा रहा है। वहीं श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व को लेकर समिति द्वारा अब तक तीन हजार से ज्यादा पौधे लगाए गए। अनमोल शर्मा ने कहा कि उनका लक्ष्य है कि वह योग की क्रियाओं के साथ-साथ महिलाओं को पौधारोपण करने के बारे में प्रेरित करें। एक्शन प्लान के तहत बुकन वाला रोड, मोगा फिरोजपुर रोड , बुगीपुरा चौक, कोटकपूरा बाइपास , भारतीय जागृति मंच आदि पर करीब तीन हजार पौधे लगाए गए हैं। इन पौधों में तुलसी, नीम, बरगद, गिलोय आदि के पेड़ शामिल हैं। उन्होंने बताया कि पेड़-पौधों की देखभाल करने के लिए संबंधित इलाकों में ही उनके एनजीओ की ड्यूटी लगाई गई है, जो पेड़-पौधों को पानी देने के साथ-साथ उनको पशुओं से बचाने में भी अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं।
वातावरण को शुद्ध करने में बेहतर योगदान देना मेरा फर्ज:
मोगा के डीसी के निवास स्थान से पौधारोपण की शुरुआत करने वाले समाजसेवी व राइट वे एयरलिक्स लिक संस्था के डायरेक्टर देव प्रिय त्यागी ने बताया कि उनके द्वारा श्री गुरु नानक देव जी के 550 वें प्रकाश पर्व को लेकर शहर के बीचों बीच बने पुल की सर्विस लेन साथ-साथ पौधारोपण करने का लक्ष्य लिया गया है। इसकी शुरुआत उन्होंने डिप्टी कमिश्नर के निवास स्थान के पास से ही खास किस्म के पौधे लगाकर की हैं। उन्होंने कहा कि इन पौधों को जहां पशु नहीं खा पाएंगे। वहीं के पौधे वातावरण को स्वच्छ बनाने में अहम योगदान देंगे। त्यागी ने कहा कि उनके द्वारा पौधों को सुरक्षित रखने के लिए आसपास फेंसिग भी की गई है।
एनआरआइ के सहयोग से किया पौधारोपण:सचदेवा
मोगा में पिछले लंबे समय से समाजसेवा का कार्य कर रही एंटी करप्शन अवेयरनेस ऑर्गेनाइजेशन संस्था के चेयरमैन गुरप्रीत सिंह सचदेवा ने कहा कि उनके द्वारा वैसे तो बहुत से समाजसेवी कार्य किए जा रहे हैं। वहीं अब श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में एनआरआइ के सहयोग से कोटकपूरा बाईपास, शहर के बीच में बने ओवरब्रिज, आइटीआइ समेत अन्य कई स्थानों पर 3000 पौधे लगाकर उनकी सेवा संभाल का प्रण लिया है ,उक्त पौधों को उनके एनजीओ द्वारा पानी देकर उनकी देखभाल के लिए भी कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उनके द्वारा लगाया के पौधे विशेष किस्म के हैं, जिनको पशु खाने से कतराते हैं।
निगम ने लगाया मात्र 735 पौधे
विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर श्री गुरु नानक देव जी के 550 वें प्रकाश पर्व को समर्पित जिले के हर गांव में 550 पौधे लगाने की के तहत जहां पूर्व में जिला प्रशासन ने मुहिम की शुरुआत की गई थी। वहीं मोगा के 50 वार्डों में नगर निगम विश्व पर्यावरण दिवस के तहत वातावरण को हरा-भरा करने में अपना योगदान नहीं दे पाया है। इसकी जानकारी आरटीआइ से हुई है। आरटीआइ एक्टिविस्ट सुरेश सूद ने पांच सितंबर को नगर निगम से जानकारी मांगी थी। सात अक्टूबर को जवाब देते हुए निगम ने बताया कि शहर के 50 वार्डों में 735 पौधे लगाए है। ऐसे में 405 व्यक्तियों के पीछे एक पौधा आता है।
फोरलेन सड़क के निर्माण तहत काटे हजारों पेड़ पौधे
आरटीआई एक्टिविस्ट सुरेश सूद ने बताया कि शहर की बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू करने के लिए करीब चार वर्षों पहले मोगा फिरोजपुर सड़क पर फोरलेन बनाने का कार्य शुरू किया गया था। जिसको लेकर सर्विस लेन बनाने समेत फोरलेन के निर्माण के लिए कार्य करने वाली कंपनी ने सड़क के दोनो ओर लगे हजारों पेड़ पौधे काट दिए थे। लेकिन आज तक जहां फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य पूरा नही हो पाया है।
वार्ड स्तर पर पौधा रोपण करने में नही दिखाई प्रमुखता:
सुरेश सूद ने कहा कि वैसे तो नगर निगम के पास 50 वार्ड है। ऐसे में नगर निगम ने जहां वार्ड स्तर पर पौधा रोपण करने के कार्य में अहम योगदान नही दिया गया है। वही बहुत से वार्डों के पार्षदों द्वारा पौधा रोपण करने की मुहिम में योगदान नही दिया गया है। जिससे आने वाले दिनों में पर्यावरण के हरा भरा न होने से मोगा पिछड कर रह जाएगा।