होली पर हॉकी खिलाड़ी पर फेंका तेजाब, झुलसा
मोगा की ग्रीन फील्ड कॉलोनी में रहने वाले एक 18 वर्षीय हॉकी खिलाड़ी पर कुछ युवकों ने होली के दिन रंग की बजाय तेजाब फेंक दिया जिससे खिलाड़ी का चेहरा बुरी तरह झुलस गया है
संवाद सहयोगी, मोगा : मोगा की ग्रीन फील्ड कॉलोनी में रहने वाले एक 18 वर्षीय हॉकी खिलाड़ी पर कुछ युवकों ने होली के दिन रंग की बजाय तेजाब फेंक दिया, जिससे खिलाड़ी का चेहरा बुरी तरह झुलस गया है, उसे गंभीर हालत में मथुरादास सिविल अस्पताल से फरीदकोट मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
18 वर्षीय गुरबाज सिंह पुत्र हरनेक सिंह की मां नसीब कौर ने बताया कि मंगलवार को दोपहर उसका बेटा घर का मुख्य दरवाजा बंद करके घर के अंदर बैठा हुआ था। वह होली नहीं खेलना चाहता था। गुरबाज हॉकी खिलाड़ी है वह राज्य स्तर तक खेल चुका है, वर्तमान में जरखड़ एकेडमी लुधियाना में 12वीं कक्षा का विद्यार्थी था। होली पर घर आया था। वह होली नहीं खेलना चाहता था, जिस कारणघर में ताला लगाकर बैठा रहा।
इसी दौरान उसकी पहचान के कुछ युवक आए जिन्होंने दीवार फांद कर उसके ऊपर होली के रंग की बजाय तेजाब डाल दिया, जिसके कारण उसका बेटा झुलस गया। परिजनों ने उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल लेकर आए थे, जहां से डॉक्टरों ने उसकी हालत को गंभीर देखते हुए फरीदकोट रैफर कर दिया। नसीब कौर का कहना कि उसके बेटे का मुंह काफी झुलस गया है। अस्पताल प्रशासन ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी है। वहीं थाना सिटी साउथ में तैनात प्रभारी कर्मजीत सिंह ने कहा कि उक्त मामला उनके ध्यान में है। उनका एएसआई सुरजीत सिंह पीड़ित के बयान लेने के लिए फरीदकोट गया हुआ है बयान दर्ज होने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।