भाजपा के लिए हनुमान बने सीमांत, निगम चुनाव के लिए भरी हुंकार
मोगा गठबंधन टूटने के बाद जिस प्रकार से भाजपा में निराशा का माहौल चल रहा था उसका फायदा उठाकर 30 साल तक सहयोगी रहे शिअद ने निगम चुनाव को देखते हुए भाजपा में सेंधमारी शुरू कर दी थी। उसे देखते हुए समाजसेवी एवं संघ परिवार के महत्वपूर्ण किरदार डा. सीमांत गर्ग भाजपा के लिए हनुमान बनकर सामने आए हैं।
जागरण संवाददाता, मोगा
गठबंधन टूटने के बाद जिस प्रकार से भाजपा में निराशा का माहौल चल रहा था, उसका फायदा उठाकर 30 साल तक सहयोगी रहे शिअद ने निगम चुनाव को देखते हुए भाजपा में सेंधमारी शुरू कर दी थी। उसे देखते हुए समाजसेवी एवं संघ परिवार के महत्वपूर्ण किरदार डा. सीमांत गर्ग भाजपा के लिए हनुमान बनकर सामने आए हैं। डा. सीमांत की पहल के बाद जिला भाजपा ने गठबंधन से अलग होने के बाद मंगलवार रात भारत माता मंदिर में पहली बार शक्ति प्रदर्शन ही नहीं किया बल्कि यह संकल्प भी लिया कि 10 दिसंबर तक शहर भाजपामय होगा, हर भाजपा कार्यकर्ता के घर पर भाजपा का झंडा होगा।
इस मौके पर शिअद में लंबे समय तक सक्रिय भूमिका निभाने वाले गगन नौहरिया सहित शहर के 18 से ज्यादा गण्यमान्यों को भाजपा में शामिल कर उन्हें पार्टी का प्रतीक अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
गौरतलब है कि भाजपा में निराशा के माहौल में सहयोगी रही पार्टी को भेदने की कोशिश की समीक्षात्मक खबर दैनिक जागरण में 24 नवंबर के अंक में प्रमुखता से साथ प्रकाशित हुई है। इसके बाद डा. सीमांत ने भाजपा कार्यकर्ताओं को मोटीवेट किया और मंगलवार शाम को ही पार्टी के हर विग की संयुक्त बैठक का फैसला लिया गया।
महज चार से छह घंटे के प्रयास के बाद मंगलवार रात को लगभग आठ बजे भाजपा की इस बैठक ने शक्ति प्रदर्शन का रूप ले लिया। सबसे पहले कार्यकर्ताओं ने हनुमान जी की आरती की। उसके बाद डा. सीमांत ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान राम जब समाज को जीतने निकले थे, तो उन्होंने समाज में उपेक्षित व निर्बल वर्ग को मोटीवेट कर उन्हीं को अपनी सेना का अंग बनाया और विजेता बनकर लौटे। भाजपा को भी आज वही भूमिका निभानी है। अकाली व कांग्रेस से ऊब चुकी जनता को नए विकल्प की तलाश है, भाजपा को वही विकल्प बनना है।
जिलाध्यक्ष विनय शर्मा भी इस बैठक में पहली बार काफी आक्रामक अंदाज में दिखाई दिए। बैठक में जिला कोषाध्यक्ष हितेष गुप्ता, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष लीना गोयल, महामंत्री शिल्पा बंसल, दुर्गावाहिनी की सोनिया, विश्व हिदू परिषद, बजरंग दल के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में पहुंचे।
------------
ये हुए शामिल
गगन नौहरिया, नीरजा नौहरिया, संजय शर्मा, कपिल मित्तल, अशोक मंगला, सोनी मंगला, मुनीष तायल, प्रदीप गर्ग, जतिन मुरली, भक्ति गायक हर्ष शर्मा, आशीष चोपड़ा, राजीव गुप्ता, अजय मित्तल, अनंत गोयल, सोनू गर्ग, आशीष मित्तल, मनमोहन मित्तल, परवीन गोयल, संजीव गुप्ता व अन्य।