पत्नी एेसे फंसाती थी अपने जाल में और पति करता था ठगी
पत्नी गांव के लोगों को विदेश भेजने का सपना दिखाती थी और पति जाली वीजा दिखा ठगी करता था। पति ने पांच लोगों 40 लाख रुपये ठगे हैं।
जेएनएन, मोगा। पत्नी गांव के लोगों को विदेश भेजने का सपना दिखाती थी और पति जाली वीजा दिखा ठगी करता था। पति ने पांच लोगों 40 लाख रुपये ठगे हैं। मामले की जांच कर रहे एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल के प्रभारी लखविंदर सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता बलतेज सिंह निवासी गांव सुखानंद ने 27 मार्च 2018 को एसएसपी मोगा को दी शिकायत में बताया कि वह अकालसर रोड मोगा पर स्थित एक निजी अस्पताल में नौकरी करता था। यहां पर फरवरी माह में उसकी मुलाकात अवनीत कौर वासी गुलाबी बाग मोगा के साथ हुई।
अवनीत अस्पताल में दवाई लेने आई थी। बातचीत में उसने बताया कि उसका पति गुरधीर सिंह ट्रैवल एजेंट हैं और लोगों को विदेश भेजने का काम करते हैं। पति का गुलाबी बाग में एनआरआइ सिंह ब्रदर्ज के नाम से इमीग्रेशन दफ्तर है। वह अवनीत के झांसे में आ गया।
इसके बाद वर्क परमिट पर यूरोप जाने के लिए गुरधीर सिंह से बात की और फरवरी 2018 में उसके बैंक खाते में साढ़े सात लाख रुपये जमा करवा दिए। उसे अपना पासपोर्ट भी दे दिया। गुरधीर ने 22 मार्च को दिल्ली एयरपोर्ट पर बुलाया। जब वह वहां पहुंचा तो उसके वाट्सएप पर टिकट और वीजा भेज 27 मार्च का समय दे दिया।
27 मार्च की सुबह गुरधीर ने खुद फोन करके कहा कि वह वापस आ जाए उसका वीजा पहले बढ़ाना पड़ेगा। पांच दिन होटल में रहने के बाद जब वह दिल्ली से वापस आ रहा था तो उसे पहचान के किसी व्यक्ति का फोन आया कि गुरधीर और उसकी पत्नी अपना दफ्तर बंद करके भाग गए हैं।
इन्होंने चार और लोगों को विदेश भेजने के नाम पर ठगा है। इसके बाद उसने उक्त चारों लोगों को साथ लेकर एसएसपी को शिकायत की। जांच में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस ने ठगी करने के आरोप में एनआरआइ सिंह ब्रदर्ज इमीग्रेशन के एमडी और उसकी पत्नी के खिलाफ साजिश के तहत धोखाधड़ी करने व मानव तस्करी के आरोप में केस दर्ज कर लिया है।
किससे कितने ठगे
- बलतेज सिंह वासी गांव सुखानंद 7.50 लाख
- सोहन सिंह वासी मेहना से 7.50 लाख
- हरजीत सिंह वासी गांव सुखानंद से 9 लाख
- संदीप कौर वासी गुलाब सिंह वाला बाघापुराना से 7.50 लाख
- लालजीत सिंह वासी गुलाब सिंह वाला बाघापुराना से 7.50 लाख
पहले भी दर्ज हैं धोखाधड़ी के छह केस
थानेदार लखविंदर सिंह का कहना है कि आरोपित गुरधीर सिंह और उसकी पत्नी अवनीत कौर के खिलाफ पहले भी लोगों को विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करने के करीब छह केस दर्ज हैं।
सभी से ठगी का तरीका एक सा रहा
15 अगस्त को भी थाना सिटी वन में पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ एक व्यक्ति को तुर्की भेजने के नाम पर ठगी करने के आरोप में केस दर्ज किया था। जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपित दंपती ने सभी लोगों को एक ही ढंग से जाली वीजा दिखाकर ठगा है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें