सर्द हवाओं से ठिठुरन बढ़ी, अलाव बनी सहारा
सर्द हवाओं से ठिठुरन पैदा करने के बाद शहर में रविवार की दोपहर बाद मौसम के तेवर बदलते नजर आए। आसमान में घने बादल छाने के साथ ही सूरज बादलों में छुप गया।
जासं, मोगा : सर्द हवाओं से ठिठुरन पैदा करने के बाद शहर में रविवार की दोपहर बाद मौसम के तेवर बदलते नजर आए। आसमान में घने बादल छाने के साथ ही सूरज बादलों में छुप गया। तीन दिन तक सूरज के बादलों से बाहर निकलने की उम्मीद नहीं है। 25 नवंबर को आंशिक बारिश हो सकती है। सर्द हवाओं के साथ एक दिन पहले पारा 6.9 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़कने के बाद बादल छाने के साथ ही अब 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
शनिवार देर रात को सर्द हवाओं के चलते आलम ये था कि रेलवे स्टेशन पर धरना दे रहे किसानों को अलाव का सहारा लेना पड़ा। अलाव की आग से मिली तपिश से राहत मिल सकी। किसानों का कहना है कि नवंबर के महीने में पिछले दस सालों में इतनी ज्यादा सर्दी महसूस नहीं की। तीन दिन तक बादल छाए रहने का अनुमान
मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले तीन दिनों सूरज बादलों के बीच छिपा रहेगा। न्यूनतम तापमान इस दौरान बढ़कर 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जिससे रातों में अचानक बढ़ी ठिठुरन से लोगों को राहत मिलेगी।
25 को हो सकती है हल्की बारिश
25 नवंबर को हल्की बारिश हो सकती हैं इसके साथ ही अधिकतम तापमान में तेजी के साथ गिरावट दर्ज की जाएगी लेकिन सुखद बात ये होगी कि अगले दिन से खुली धूप होगी। अधिकतम पारा 22 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 19 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। रविवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।