यहां मिलता है अद्भूत बूटा प्रसाद, इससे कई पीढि़यां होंगी निहाल
पंजाब के धार्मिक स्थलों ने अब पर्यावरण संरक्षण का बीड़ा उठा लिया है। मोगा के दाे धार्मिक स्थलों में बूटा प्रसाद दिया जाता है। राज्य के अन्य जगहों पर भी यह मुहिम चल रही है।
जेएनएन, मोगा। पंजाब के मोगा के दो धार्मिक स्थलों पर अद्भूत प्रसाद मिलता है। यह प्रसाद ग्रहण करने पर कई पीढि़यां निहाल होंगी। यहां मिलता है 'बूटा प्रसाद'। पर्यावरण की बुरी हालत धरती पर मानव और अन्य प्राणियों के लिए खतरा बन गई है। ऐसे मेें पंजाब में पर्यावरण संरक्षण के लिए धार्मिक संस्थाओं ने कदम बढ़ाया है। संभाल लिया है। यहां के दाे धार्मिक स्थलों पर संगत को प्रसाद के रूप में पौधे दिए जा रहे हैं। इसे नाम दिया गया गया है बूटा प्रसाद। राज्य के अन्य जिलों में भी कई धार्मिक स्थलों पर बूटा प्रसाद बांटा जा रहा है। उम्मीद है पर्यावरण संरक्षण की इस मुहिम में 'बूटा प्रसाद' से पंजाब निहाल होगा।
मोगा में दो जगह धार्मिक समारोह में संगत को बांट रहे प्रसाद के रूप में पौधे, अन्य जगहों पर भी ऐसी ही मुहिम
मोगा जिले के गांव हिम्मतपुरा में 12 जून को नामधारी डेरा के प्रमुख रहे बाबा जोरा सिंह की बरसी पर मौजूदा डेरा प्रमुख जसवंत सिंह ने एनआरआइ और युवाओं के सहयोग से संगत में 500 पौधे प्रसाद के तौर पर वितरित किए। डेरे को ये सभी पौधे वन विभाग की ओर से मुहैया करवाए गए थे। यही नहीं गांव मोड़ नौ अबाद और गाजीआना में समारोह आयोजित कर लोगों को 200 पौधे बांटे गए। मोगा का रोटरी क्लब भी भारत माता मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं को प्रसाद के रूप हफ्ते में 50 पौधे बांटता है।
धार्मिक संस्थाओं ने संभाला पंजाब में पर्यावरण संरक्षण का जिम्मा
यह मुहिम धीरे-धीरे पंजाब के अन्य जिलों में भी जोर पकड़ रही है। रोपड़ जिले की एक संस्था ने 'रुख लगाओ रुख बचाओ' बचाओ मुहिम छेड़ रखी है। यूथ क्लब कमेटी की टीम वन विभाग के साथ मिलकर गुरुद्वारा साहिब माथा टेकने आने वाली संगत को प्रसाद के रूप में पौधे बांटती है। होशियारपुर जिले के दसूहा कस्बे की श्री गुरु हरगोङ्क्षबद साहिब सेवा सोसायटी 'आओ कुदरत नाल जुडि़ए' मुहिम के तहत अपने सभी समाजसेवी व धार्मिक कार्यक्रमों में पौधे बांटती है।
रक्तदान करने वालों को बांटे पौधे
दसूहा कस्बे में रविवार को संत निरंकारी भवन (भट्टी दा पिंड) में बाबा हरदेव सिंह जी को समर्पित संत निरंकारी चेरिटेबल फाउंडेशन की ओर से रक्तदान शिविर लगाया गया। शिविर में 400 लोगों ने रक्तदान किया। रक्तदान करने वाले लोगों को पौधे बांटे गए।
पंजाब में हर साल कटते हैं लाखों पौधे
वन विभाग की एक रिपोर्ट के अनुसार पंजाब में 2013-14 में 2.40 लाख पेड़, 2014-15 में 2.12 लाख पेड़ और 2015-16 में 1.89 लाख पेड़ काटे गए हैं।
गुरुद्वारा साहिब में भी पौधों का प्रसाद
तरनतारन के खडूर साहिब गुरुद्वारा साहिब में संगत विशेषकर नवविावहित जोड़ों को पौधों का प्रसाद दिया जाता है। कार सेवा खडूर साहिब संप्रदाय के मुखी बाबा सेवा सिंह अब लाखों पौधे बांट चुके हैं।