Move to Jagran APP

प्रदेश अध्यक्ष के सामने फूटा भाजपा नेताओं का आक्रोश

। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पांच जनवरी को फिरोजपुर में प्रस्तावित रैली को लेकर जिले में युद्ध स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं।

By JagranEdited By: Published: Sat, 01 Jan 2022 10:55 PM (IST)Updated: Sat, 01 Jan 2022 10:55 PM (IST)
प्रदेश अध्यक्ष के सामने फूटा भाजपा 
नेताओं का आक्रोश
प्रदेश अध्यक्ष के सामने फूटा भाजपा नेताओं का आक्रोश

जागरण संवाददाता.मोगा

loksabha election banner

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पांच जनवरी को फिरोजपुर में प्रस्तावित रैली को लेकर जिले में युद्ध स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। जिले को 300 बसों में कार्यकर्ताओं को ले जाने का लक्ष्य दिया गया है। हालांकि प्रदेश अध्यक्ष की मौजूदगी में पार्टी वर्करों में उपेक्षा का गुस्सा फूट पड़ा। वार्ड 20 से रामगंज क्षेत्र में भाजपा की सीट पर निगम चुनाव लड़ने वाले सोनू अरोड़ा ने प्रदेश अध्यक्ष के सामने उपेक्षा का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया। सोनू के तेवर देख पार्टी के पदाधिकारी यूथ भाजपा के जिलाध्यक्ष राहुल शर्मा आदि ने काफी मुश्किल से उन्हें शांत किया, इससे पहले भाजपा के शहर मंडल अध्यक्ष विक्की सितारा ने भी इस बात को लेकर आपत्ति जताई कि जिन लोगों ने निगम चुनाव में पार्टी के खिलाफ काम किया, उन्हें भाजपा के कार्यक्रमों में मंच पर आगे बैठाया जाता है। समीक्षा करने पहुंचे थे अश्वनी शर्मा

प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने शनिवार को दोपहर करीब एक बजे शहीदी पार्क में पहुंचने के बाद जिले के सभी पदाधिकारियों व पूर्व जिलाध्यक्षों के साथ बैठक कर रैली की तैयारियों को लेकर समीक्षा की। हालांकि पार्टी नेताओं का असंतोष खुलकर उनके सामने आया। प्रदेश अध्यक्ष ने ये कहकर सभी को शांत करने की कोशिश की कि अब लोग साथ आ गए हैं, कोई कहीं नहीं गया। इस पर हाल में मौजूद भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी छोड़कर गए थे, बुरे दिनों में चले गए थे, दिन अच्छे आने पर लौटे हैं,हालांकि इस असंतोष को प्रदेश अध्यक्ष ने ये कहकर शांत किया किया कि पार्टी के लोग जिस प्रकार से अपनी अनदेखी का आरोप लगाकर अपना गुस्सा निकाल रहे हैं इससे साफ है कि भाजपा के प्रति हर कार्यकर्ता में जोश हैं, वह अपनी उपेक्षा को बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं, जल्द सब कुछ ठीक हो जाएगा।

शहीदी पार्क में पहुंचने पर प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा एवं उनके साथ पहुंचे प्रदेश महामंत्री राजेश दाखा का कार्यकर्ताओं ने जोशीला स्वागत किया। विश्व हिदू परिषद के बाद भाजपा में शामिल होकर सक्रिय राजनीति में प्रवेश करने वाले डा.सीमांत गर्ग ने प्रदेश अध्यक्ष व महामंत्री को शाल ओढ़ाकर उन्हें सम्मानित किया। रेलवे रोड भाजपा का झंडियों से पटा

पंजाब में बदले हालात के बाद कुछ समय पहले बैकफुट पर दिख रहे भाजपा के कार्यकर्ता अब उत्साह में नजर आ रहे हैं। यही वजह है कि रेलवे रोड भाजपा की झंडियों से पट चुका है। हालांकि खंभों पर मुख्यमंत्री चन्नी के छोटे-छोटे फ्लेक्स लगे हुए हैं, लेकिन उनके साथ ही भाजपा के कमल निशाने वाली झंडियां लग जाने के बाद पूरा रोड भाजपा मय दिख रहा है। महिला मोर्चा को मिला चार बसों का लक्ष्य

जिला महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष लीना गोयल का कहना है कि उन्हें चार बसें रैली में ले जाने का लक्ष्य मिला है। रैली को लेकर महिलाओं में काफी ज्यादा उत्साह है। लगातार महिला मोर्चा से महिलाएं जुड़ रही हैं। जिस प्रकार का जोश नजर आ रहा है, उससे साफ है कि लोगों का रुझान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति है, पंजाब में भी यहां के लोग भाजपा की सत्ता लाने का मन बना चुके हैं। भाजपा के प्रति बढ़ा विश्वास

डा.सीमांत गर्ग का कहना है कि भाजपा के प्रति लोगों में बढ़ा विश्वास एक दिन में पैदा नहीं हुआ था, लेकिन कुछ समय पहले तक माहौल अनुकूल नहीं था, इस कारण लोग खुलकर भाजपा के साथ नहीं आ पा रहे थे, लेकिन अब जैसे ही राज्य में स्थितियां बदली हैं। लोग खुलकर भाजपा के साथ खड़े हो रहे हैं। भाजपा की नीतियों पर बात करते हैं, पसंद करते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने काम से लोगों का विश्वास जीता है। वे मुफ्तखोरी को नहीं बल्कि आम आदमी को इस योग्य बनाने की नीतियों पर काम कर रहे हैं। लोग यही चाहते हैं,हर व्यक्ति सक्षम होगा, रोजगार मिलेगा, तो खुद ही अपने जीवन को, अपने परिवार का बेहतर ढंग से पालन कर सकेगा।

इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा,पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर अनिल बंसल, डा.सीमांत गर्ग, भाजयुमो के जिलाध्यक्ष राहुल शर्मा, जिला भाजपा स्थानीय निकाय मोर्चा के संयोजक विक्की सितारा आदि नेता मौजूद थे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.