कांग्रेस की ब्लाक इकाईयों के लिए चुनाव अधिकारियों की नियुक्ति
द्ध युवा कांग्रेस की तर्ज पर अब कांग्रेस के मूल संगठन के पदाधिकारी भी लोकतांत्रिक ढंग से चुनाव के माध्यम से निर्वाचित होंगे।
सत्येन ओझा.मोगा
युवा कांग्रेस की तर्ज पर अब कांग्रेस के मूल संगठन के पदाधिकारी भी लोकतांत्रिक ढंग से चुनाव के माध्यम से निर्वाचित होंगे। इसके लिए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिदर सिंह राजा वडि़ग व कार्यकारी अध्यक्ष भारत भूषण आशु ने कांग्रेस की ब्लाक इकाई के लिए ब्लाक चुनाव अधिकारियों की नियुक्ति कर दी है। इनमें से मोगा जिले से संबंधित एक ब्लाक के लिए कांग्रेस संगठन के चुनाव के लिए बने ब्लाक चुनाव अधिकारी परमिदर मेहरा ने कांग्रेस की प्रत्याशी रह चुकीं मालविका सूद के आवास पर पहुंचकर चुनाव से संबंधित विभिन्न बिन्दुओं पर चर्चा की। चुनाव को लेकर हुआ मंथन
मोगा पहुंचे कांग्रेस पार्टी के ब्लाक चुनाव अधिकारी परमिदर मेहरा एवं उनकी टीम के सदस्यों ने कांग्रेस नेता मालविका सूद के साथ चुनाव को लेकर विस्तार से चर्चा की। मालविका ने ब्लाक चुनाव अधिकारी व उनकी टीम का स्वागत किया। इस मौके पर ब्लाक चुनाव अधिकारी मेहरा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर विस्तार से चर्चा कर उन बातों को जाना, जिसके कारण कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में निराशा का माहौल है। निराशा के कारण जो लोग पिछले कुछ समय में दूसरे दलों में चले गए हैं, उन्हें कांग्रेस में वापस कैसे लाया जा सकता है, इस पर भी कार्यकर्ताओं से गंभीर मंथन किया गया। उन्होंने बताया है कि पहले कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं को लगातार बैठकों के माध्यम से एकजुट किया जाए, उसके बाद ही चुनाव प्रक्रिया शुरू की जाए।
ये रहे मौजूद
इस मौके पर मालविका सूद ने दोहराया कि वे कांग्रेस पार्टी के माध्यम से लोगों की सेवा का संकल्प लगातार पूरा करती रहेंगी। इस मौके पर गौतम सच्चर, विक्रम सच्चर, डा.नवीन सूद, जगदीप सिंह जग्गू, आत्मा सिंह नेता, विपिन सूद, मिक्की हुंदल, जसपाल सिंह डरोली, पिटू गिल, परमपाल सिंह तख्तूपुरा, गुल्लू आहलूवालिया, लोक शर्मा, अली, राजन बांसल, बंटू जैसवाल, विक्की मेहंदीरत्ता, गगन गुप्ता मैकी, मनु सूद, मोहित सूद, गुरप्रीत सिंह, गगनदीप मित्तल आदि उपस्थित थे। मालविका का आवास बना कांग्रेस का नया गढ़
कांग्रेस के नए नेतृत्व के बाद जिला कांग्रेस का नया गढ़ कांग्रेस नेता मालविका सूद का निवास बन गया है। ब्लाक चुनाव अधिकारियों के आने से पहले भी पार्टी के प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष भारत भूषण आशु जब मोगा पहुंचे थे तो वे भी पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से मिलने के बजाय सीधे मालविका सूद के निवास पर ही कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर लौट गए थे। पार्टी के वरिष्ठ नेता डा.मालती थापर, पूर्व विधायक विजय कुमार साथी, पूर्व जिलाध्यक्ष महेशइंदर सिंह, पूर्व विधायक कर्नल बाबू सिंह, पं.शामलाल जैसे कांग्रेस के पुराने चेहरे पार्टी की नई गतिविधियों से पूरी तरह उपेक्षित रहे हैं। रमन माकड़ को रायकोट ब्लाक का बीआरओ बनाया
मोगा शहरी युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष रमन माकड़ को लुधियाना जिले के रायकोट ब्लाक के चुनाव के लिए ब्लाक रिटर्निग अधिकारी (बीआरओ) नियुक्त किया है। रमन माकड़ ने इस नियुक्ति के लिए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजा वडिग, कार्यकारी अध्यक्ष भारत भूषण आशु का धन्यवाद करते हुए कहा है कि वे पूरी तरह निष्पक्ष होकर ब्लाक का चुनाव कराने का प्रयास करेंगे।
ऐसे होगा चुनाव
ब्लाक कांग्रेस कमेटी के चुनाव में एक जिले के डेलीगेट के साथ ही प्रदेश के डेलीगेट का भी चुनाव करेंगे, यही डेलीगेट बाद में जिलाध्यक्ष व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए मतदाता होंगे।