Punjab News: रिक्शा चलाने वाले 85 साल के बुजुर्ग की किस्मत चमकी, निकली 2.5 करोड़ की लॉटरी
पंजाब का एक रिक्शा चालक रातों-रात करोड़पति बन गया है। रिक्शा चालक की किस्मत चमक गई है। उनकी बैसाखी बंपर में 2.5 करोड़ रुपये की लॉटरी निकली है। यह रिक्शा चालक मोगा जिले का रहने वाला है। जिसकी उम्र 85 साल है।
मोगा, जागरण संवाददाता। पंजाब के मोगा में रिक्शा चलाकर अपनी जिंदगी का सफर तय करने वाले 85 साल के गुरुदेव सिंह की किस्मत चमक गई है। उन्होंने कभी नहीं सोचा होगा कि इस उम्र में उनकी जिंदगी की रफ्तार अचानक रफ्तार पकड़ लेगी। गुरुदेव सिंह को वैसाखी बंपर की 2.5 करोड़ रुपये की लॉटरी निकली है।
असल जिंदगी में गुरुदेव सिंह को सिर्फ रिक्शा चालक कहना बेमानी होगा, रिक्शे के लिए जब सवारियां नहीं होती थीं तो रास्ते में पड़ने वाले गड्ढों को गुरुदेव सिंह मिट्टी से भरते थे। पौधे लगाता थे। जिन पौधों को पानी की जरूरत होती थी, उन पौधों को स्वेच्छा से पानी देने का काम करते थे।
कई बार खरीदी लॉटरी की टिकट
गुरुदेव सिंह के चार बेटे और एक बेटी हैं। सभी की शादी हो चुकी है। वह मोगा शहर से करीब 32 किलोमीटर दूर लोहगढ़ गांव के निवासी हैं। गुरुदेव सिंह ने बताया कि लॉटरी की टिकट तो कई बार खरीदी थी, लेकिन इस बार उनकी लॉटरी निकाली है।
उन्होंने कहा कि जिस एजेंट से उन्होंने ये टिकट खरीदी थी वह बुधवार की सुबह उनके घर आया और बताया कि उनकी 2.5 करोड़ की लॉटरी निकली है। गुरदेव सिंह ने बताया कि उनके 4 बेटे और एक बेटी हैं। सभी बच्चों की शादी हो चुकी है और वह रिक्शा चलाकर अपना गुजारा करते हैं।
लॉटरी के पैसों से क्या करेंगे
सड़कों के गड्ढे भरने व पेड़ लगाने की बात पर गुरदेव सिंह का कहना है कि वो पिछले तीस सालों से यह काम कर रहे हैं। गुरदेव सिंह के बच्चे भी मेहनत मजदूरी करते हैं, लॉटरी लग जाने के बाद अब गुरुदेव सिंह कहते हैं कि वो बच्चों को अच्छा घर बनाकर देंगे, ताकि अब उनका जीवन सुखमय ढंग से बीत सके। कुछ पैसे धार्मिक कार्यों पर भी खर्च करेंगे।