पेट के कैंसर से जूझ रही महिला हवालाती की मौत
जिला जेल मानसा की एक महिला हवालाती की शुक्रवार की सुबह गुरू गोबिन्द सिंह मेडिकल कॉलेज फरीदकोट में कैंसर की बीमारी के कारण मौत हो गई।
जासं, मानसा : जिला जेल मानसा की एक महिला हवालाती की शुक्रवार की सुबह गुरू गोबिन्द सिंह मेडिकल कॉलेज फरीदकोट में कैंसर की बीमारी के कारण मौत हो गई। जानकारी के अनुसार हवालाती भुपिन्दर कौर मानसा की जिला जेल में एक कत्ल के केस में बंद थी। जिसे पिछले काफी समय से पेट की समस्या होने के कारण उसका इलाज जिला जेल के अस्पताल से चल रहा था। मगर ठीक नहीं होने पर उसका इलाज सिविल अस्पताल मानसा से करवाया जा रहा था। समस्या बढ़ने पर वह 14 सितंबर से सिविल अस्पताल मानसा में दाखिल थी। जिसे सिविल अस्पताल मानसा के डॉक्टरों ने गुरू गोबिद सिंह मेडिकल अस्पताल फरीदकोट में रेफर कर दिया। परंतु फरीदकोट अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे दाखिल करने की बजाय उसके पेट से पानी निकालकर उसे दोबारा सिविल अस्पताल मानसा भेज दिया था। उसके पेट के करवाए टेस्टों की रिपोर्ट में उसे कैंसर की बीमारी होने का पता चला। सिविल अस्पताल मानसा के डॉक्टरों की तरफ से दोबारा फिर उसको फरीदकोट रैफर कर दिया, जहां शुक्रवार की सुबह उसकी मौत हो गई।
जेलों में हो महिला डॉक्टरों की तैनाती : एडवोकेट बलवीर
एडवोकेट बलवीर कौर सिद्धू ने कहा कि उक्त महिला को सही समय पर इलाज न मिलने के कारण महिला की जान गई है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जेलों में बहुत सी महिलाएं बंद हैं। अनेक महिलाओं को गुप्त बीमारियों का सामना करना पड़ रहा है। मगर जेलों में महिला डॉक्टर न होने के कारण वह अपनी बीमारियों के बारे में अच्छी तरह बता नहीं सकतीं और सही समय पर सही इलाज न होने के कारण गंभीर बीमारियों का शिकार हो रही हैं और मौत के मुंह की तरफ जा रही हैं। उन्होंने मांग की कि जेलों में महिलाओं की जांच के लिए महिला डॉक्टर तैनात की जाएं और टेस्टों के लिए लैब का भी प्रबंध किया जाये और हवालाती और कैदियों की जांच के लिए जेलों में समय समय कैंप लगाए जाएं।